तारा-सितारे के झूले में मथुराधीश
सरवाड़. कस्बे के मथुराधीश मंदिर में मनाए जा रहे झूला महोत्सव के दौरान नित नए सजाए जा रहे झूलों की बहार ने यहां श्रद्धालु नर-नारियों को आनन्दित कर दिया है। झूलों में पुष्टिमार्गीय परम्परा के अनुकूल ठाकुरजी का शृंगार, वस्त्र सज्जा, भोग आदि का विशेष मनोरथ तो किया ही जा रहा है, साथ ही झूलों में भी नए-नए प्रयोग से श्रद्धालु रोमांचित है। सोमवार को यहां तारे-सितारा का आकर्षक झूला सजाया गया। झूला नयनाभिराम दृश्य की अनुभूति करा रहा था। झूलों के दर्शन के समय भजन गायकों ने कृष्ण भक्ति के भजन प्रस्तुत किए आरती पुष्पांजलि के बाद झूले का समापन हुआ। झूला प्रभारी दिनेशचंद शर्मा ने आगामी झूले की जानकारी दी। मंदिर समिति के सचिव सुरेशचंद्र टेलर ने श्रद्धालुओं से झूले के मनोरथ का लाभ लेने की अपील की।