Dark Mode
“वंदे गंगा” जल संरक्षण जन अभियान के तहत मीडिया प्रतिनिधियों ने किया क्षेत्र भ्रमण

“वंदे गंगा” जल संरक्षण जन अभियान के तहत मीडिया प्रतिनिधियों ने किया क्षेत्र भ्रमण

भदेसर एवं डूंगला क्षेत्र में जल संरक्षण, पौधरोपण एवं जल स्वावलंबन कार्यों का लिया जायजा

चित्तौड़गढ़। “वंदे गंगा” जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत बुधवार को जिला प्रशासन द्वारा जिले के मीडिया प्रतिनिधियों के लिए विशेष क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना हुए मीडिया दल ने भदेसर एवं डूंगला पंचायत समिति क्षेत्रों में जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं जल स्वावलंबन से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों का अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान भदेसर पंचायत समिति क्षेत्र के सुखवाड़ा एवं कन्नौज क्षेत्र में बावड़ियों, नाड़ियों, पौधरोपण स्थलों एवं श्मशान घाटों पर किए गए विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया गया। मीडिया प्रतिनिधियों को अभियान के तहत जल स्रोतों के संरक्षण एवं ग्रामीण सहभागिता से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर पंचायत द्वारा लगभग 70 बीघा पहाड़ी क्षेत्र में किए गए पौधारोपण कार्य का भी अवलोकन कराया गया। यहां 20 से अधिक किस्मों के फलदार पौधे लगाए गए हैं, जो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भविष्य में हरित आवरण बढ़ाने एवं ग्रामीण क्षेत्र में जैव विविधता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसके पश्चात डूंगला पंचायत समिति क्षेत्र के “जल गांव” में मीडिया प्रतिनिधियों ने जल संरक्षण एवं जल स्वावलंबन के तहत किए गए विकास कार्यों का निरीक्षण किया। यहां वर्षा जल संचयन, जल संरचनाओं के पुनर्जीवन एवं जल स्रोतों के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी साझा की गई। मीडिया प्रतिनिधियों ने विभिन्न स्थलों पर किए गए नवाचारों एवं जन सहभागिता आधारित कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि “वंदे गंगा” अभियान जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास को नई दिशा दे रहा है। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस भ्रमण का उद्देश्य मीडिया प्रतिनिधियों को जमीनी स्तर पर किए जा रहे विकास एवं संरक्षण कार्यों से अवगत कराना तथा जल संरक्षण का संदेश आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाना रहा।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!