Dark Mode
‘‘स्वच्छता ही सेवा’’ अभियान की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित

‘‘स्वच्छता ही सेवा’’ अभियान की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित

झालावाड़। स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत 14 सितम्बर से 01 अक्टूबर, 2024 तक स्वच्छ भारत दिवस (2 अक्टूबर) के उपलक्ष्य में नगरीय निकाय क्षेत्रों में ‘‘स्वच्छता ही सेवा’’ अभियान का आयोजन किया जाएगा। उक्त अभियान की तैयारियों के संबंध में मंगलवार को जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय के सभागार में बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में जिला कलक्टर ने कहा कि ‘‘स्वच्छता ही सेवा’’ अभियान का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के समन्वय से नगरीय निकाय क्षेत्रों को पूर्ण स्वच्छ, सुन्दर एवं पर्यावरण की दृष्टि से हरा-भरा बनाना है। उन्होंने कहा कि इस कार्य में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उक्त अभियान के तहत शहरी क्षेत्रों में ‘‘स्वभाव स्वच्छता - संस्कार स्वच्छता’’ की थीम पर जिले में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उक्त अभियान के तहत नगरीय निकाय क्षेत्रों में तीन बिन्दुओं के आधार पर गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। जिनमें स्वच्छता की भागीदारी के तहत नागरिक, समुदाय व संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्वच्छता क्वीज, पौधारोपण, स्वच्छता शपथ, स्वच्छता दौड़ का आयोजन किया जाएगा। वहीं सम्पूर्ण स्वच्छता श्रमदान के अन्तर्गत नगरीय निकायों में स्थित स्थानीय स्मारक, पर्यटन स्थल, बस स्टेण्ड, रेल्वे स्टेशन, नदी-नालों एवं अन्य स्थानों पर आमजन के सहयोग से श्रमदान कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सफाई मित्रों हेतु एकल खिड़की स्वास्थ्य एवं कल्याणकारी शिविरों का आयोजन कर बीमारियों की रोकथाम हेतु जांच व उपचार एवं सरकारी योजनाओं से जुड़ने हेतु सम्पूर्ण जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी।
इस संबंध में जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को ‘‘स्वच्छता ही सेवा’’ अभियान की निर्धारित तिथि से पूर्व ही जिले में स्वच्छता अभियान चलाकर सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक स्थानों, पार्क आदि में व्यापक साफ-सफाई करवाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने शिक्षा विभाग के सहायक निदेशक सत्येन्द्र पाल शर्मा को राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के सहयोग से स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करवाने के निर्देश दिए।
‘‘स्वच्छता ही सेवा’’ अभियान के तहत आयोजित होंगे यह कार्यक्रम
नगर परिषद् झालावाड़ के आयुक्त नरेन्द्र मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि ‘‘स्वच्छता ही सेवा’’ अभियान के तहत 14 सितम्बर को उद्घाटन व स्वच्छता रैली, 17 को स्वच्छता शपथ, 18 व 19 को सफाई मित्र सुरक्षा शिविर, 20 सितम्बर को पौधारोपण कार्यक्रम, 21 को श्रमदान कार्यक्रम, 23 को स्वच्छता दौड़, 24 को सांस्कृतिक उत्सव, 25 को रंगोली व निबंध प्रतियोगिता, 26 को स्वच्छता क्विज, 27 व 28 को मुख्य सड़कों से निर्माण सामग्री हटाना, 30 को कचरे से कला, 1 अक्टूबर को गढ़ पैलेस परिसर में श्रमदान कार्यक्रम तथा 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस पर सम्मान समारोह में सफाई मित्रों एवं स्वच्छता चैम्पियन तथा ‘‘स्वच्छता ही सेवा‘‘ अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों का सम्मान किया जाएगा।
बैठक में जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शम्भुदयाल मीणा, उपखण्ड अधिकारी झालावाड़ संतोष कुमार मीणा, नगर पालिका भवानीमण्डी के अधिशासी अधिकारी मनीष मीणा, नगर पालिका अकलेरा के अधिशासी अधिकारी दुर्गाशंकर मोर्य, नगर परिषद् के अधिशाषी अभियंता मनीष कुमार, सहायक अभियंता सौरभ गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!