8 साल की बालिका से दुष्कर्म के मामले में नाबालिग को किया निरुद्ध
नागौर। जिले के ग्रामीण क्षेत्र में 8 साल की बालिका के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर 24 घंटे के अंदर आरोपी एक नाबालिग को निरुद्ध किया है। एसपी राममूर्ति जोशी ने बताया कि घटना रविवार की है। जिले के ग्रामीण क्षेत्र में एक थाने पर 8 वर्षीय अबोध बालिका के साथ दुष्कर्म की रिपोर्ट प्राप्त हुई थी। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर मेडिकल बोर्ड से बच्ची का मेडिकल मुआयना करवाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी राजेश मीना व सीओ हिम्मत चारण के सुपरविजन में एक विशेष टीम गठित की गई। गठित टीम द्वारा प्रभावी कार्यवाही करते हुए घटना के आरोपी की पूरी रात हर जगह तलाश की गई। आसूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर 24 घंटे के अंदर विधि से संघर्षरत बालक को दस्तयाब कर निरुद्ध किया गया।