महाराष्ट्र में विधायक के बेटे ने बिजनेसमैन को किडनैप किया
दूसरे विधायक पर पत्रकार को पिटवाने का आरोप; दोनों MLA शिंदे गुट के
मुंबई . मुंबई पुलिस ने गुरुवार को शिवसेना (शिंदे गुट) विधायक प्रकाश सुर्वे के बेटे राज सुर्वे के खिलाफ किडनैपिंग का केस दर्ज किया है। राज सुर्वे पर आरोप है कि उसने एक म्यूजिक कंपनी के CEO राजकुमार सिंह का फिरौती के लिए अपहरण किया।
उधर, शिंदे गुट के दूसरे विधायक किशोर पाटिल के कार्यकर्ताओं पर एक पत्रकार की पिटाई करने का आरोप लगा है। संदीप महाजन नाम के पत्रकार ने आरोप लगाया है कि जलगांव बालिका हत्याकांड में CM एकनाथ शिंदे की आलोचना करने के बाद विधायक ने अपने समर्थकों से उनकी पिटाई करवाई।
पत्रकार ने पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई शिकायत
संदीप महाजन ने इस मामले में पचोर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि किशोर पाटिल ने उन्हें फोन कर गाली-गलौज भी किया था।MLA ऑफिस में गनपॉइंट पर लोन खत्म करने के लिए कहा गया
किडनैप किए गए म्यूजिक कंपनी के CEO राजकुमार ने बताया कि उन्हें 9 अगस्त को उनके गोरेगांव ईस्ट स्थित ऑफिस से मारपीट कर किडनैप किया गया। यहां से उन्हें विधायक प्रकाश सुर्वे के कार्यालय ले जाया गया।
राजकुमार ने पटना के मनोज मिश्रा को बिजनेस लोन दिया था। राज सुर्वे और उसके साथियों ने गनपॉइंट पर राजकुमार से इस लोन को खत्म करने के लिए कहा। साथ में यह भी कहा कि इसके बारे में किसी को न बताए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राजकुमार को बचाया। इसके बाद किडनैपिंग और वेपन एक्ट के तहत आरोपियों पर मामला दर्ज किया। राज सुर्वे के अलावा 10-12 अन्य लोगों को भी मामले में आरोपी बनाया गया है।