Dark Mode
राजस्थान में मानसून सुस्त, 15 जिलों में हल्की बारिश की उम्मीद

राजस्थान में मानसून सुस्त, 15 जिलों में हल्की बारिश की उम्मीद

जयपुर। राजस्थान में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। शनिवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, लेकिन अधिकांश इलाकों में मानसूनी गतिविधियां कमजोर रहीं। मौसम विभाग ने रविवार को 15 जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है, हालांकि किसी भी जिले के लिए बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार सैटेलाइट इमेज में राजस्थान के ऊपर से मानसूनी बादल लगभग गायब नजर आ रहे हैं। इसके चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में उमस और गर्मी बढ़ गई है।

पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 55 मिमी बारिश चूरू जिले के सादुलपुर में हुई। इसके अलावा झुंझुनूं में 18 मिमी, श्रीगंगानगर में 28 मिमी तथा हनुमानगढ़ जिले में 3 से 38 मिमी तक वर्षा मापी गई। वहीं अलवर और खैरथल-तिजारा में केवल 1-1 मिमी बारिश हुई।

बारिश की कमी के बीच तापमान में भी बढ़ोतरी हुई। शनिवार को श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

इसके अलावा फलोदी में 40.6 डिग्री और जैसलमेर में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। बीकानेर, बाड़मेर और जोधपुर में भी दिनभर तेज गर्मी और उमस का असर बना रहा। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान माउंट आबू में करीब 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 15 जुलाई तक किसी भी प्रकार का भारी बारिश का अलर्ट नहीं है। रविवार को झुंझुनूं, सीकर, कोटपूतली-बहरोड़, अलवर, खैरथल-तिजारा, डीग, दौसा, भरतपुर, करौली, धौलपुर, सवाई माधोपुर, जालोर, सिरोही, उदयपुर और डूंगरपुर जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।

इधर अच्छी बारिश की कामना को लेकर बाड़मेर जिले के भुरटिया गांव में किसानों ने हवन कर मानसून के सक्रिय होने की प्रार्थना की। फिलहाल प्रदेश में मानसून की कमजोर स्थिति के कारण किसानों के साथ आमजन भी अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!