तुर्किये-सीरिया में 4500 से ज्यादा मौतें,हजारों अभी भी मलबे में दबे
अंकारा . भूकंप के 3 बड़े झटकों के बाद तुर्किये और सीरिया में हालात बदतर हो गए हैं। 24 घंटे बाद भी यहां लाशें मिलने का सिलसिला जारी है। अभी भी बड़ी-बड़ी बिल्डिंगों के कई टन मलबों के नीचे जिंदगियां तलाशी जा रही हैं। बच्चे, बूढ़े, महिलाएं, जो मिल रहे हैं, उनकी हालात देख रेस्क्यू टीम के हाथ कांप जा रहे हैं। जैसे ही किसी के जिंदा होने की खबर मिलती है तो उसे बचाने को कोशिशें और बैचेनी बढ़ जाती है।
तुर्किये और सीरिया में ये तबाही 3 बड़े भूकंपों के बाद आई। पहला तुर्किये के वक्त के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब चार बजे (7.8) और दूसरा करीब 10 बजे (7.6) और तीसरा दोपहर 3 बजे (6.0)। इसके अलावा 243 आफ्टर शॉक्स दर्ज किए गए। इनकी तीव्रता 4 से 5 रही। दोनों देशों में 4300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। तुर्किये में 2921 लोगों की जान जा चुकी है। 15 हजार से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। वहीं, सीरिया में 1444 लोग मारे गए और 2 हजार से ज्यादा जख्मी हैं।
तुर्किये के 10 प्रांतों में तबाही, सीरिया का अलेप्पो शहर तबाह
तुर्किये के 10 से ज्यादा प्रांतों में भारी तबाही हुई है। यहां 6217 से ज्यादा इमारतें धराशायी हो गई हैं। सीरिया में भी भूकंप की वजह से ऐसे ही हालात हैं। यहां भूकंप प्रभावित कई इलाके बशर अल असाद की सरकार और विद्रोहियों के कब्जे में हैं जिसकी वजह तबाही का सटीक आंकड़ा मिलना मुश्किल हो रहा है। सीरियाई सरकार की एजेंसी सना ने बताया है कि अलेप्पो शहर में कई ऐतिहासिक इमारतों को नुकसान पहुंचा है। UN के प्रवक्ता के स्टीफन दुजारिक के मुताबिक नॉर्थ वेस्ट सीरिया में 224 इमारतें गिरी है। और 325 को काफी नुकसान पहुंचा है।