Dark Mode
मोतीलाल ओसवाल ने सोशल मीडिया पर चल रहे आरोपों को बताया 'निराधार'

मोतीलाल ओसवाल ने सोशल मीडिया पर चल रहे आरोपों को बताया 'निराधार'

मुंबई । मोतीलाल ओसवाल एसेट मैनेजमेंट कंपनी (एमओएएमसी) ने रविवार को अपने और अपने अधिकारियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर चल रहे आरोपों को निराधार बताया और कहा कि यह आरोप निहित स्वार्थ वाले व्यक्तियों द्वारा जानबूझकर फर्म और नेतृत्व की दशकों से बनी अच्छी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश है।सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों में दावा किया गया था कि कल्याण ज्वैलर्स के शेयर भारी मात्रा में खरीदने के लिए एमओएएमसी के मनी मैनेजरों को रिश्वत दी गई है। इन अफवाहों पर प्रतिक्रिया देते हुए फाइनेंशियल सर्विस सेक्टर की इस दिग्गज कंपनी ने "निराधार, दुर्भावनापूर्ण और अपमानजनक आरोपों" को स्पष्ट रूप से नकार दिया।एसेट मैनेजर ने कहा, "हमारी ईमानदारी पर इस तरह के निराधार हमले हमें पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं।

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (एमओएफएसएल) के पास नैतिक प्रथाओं और पारदर्शिता के साथ काम करने का लगभग चार दशकों का अनुभव है।"कंपनी ने एक बयान में कहा, "हमारी टीम की ईमानदारी सर्वोच्च स्टैंडर्ड की है और हम निवेशकों को आश्वस्त करते हैं कि हमने कभी भी इसे लेकर कोई चूक नहीं की है और न ही कभी इस तरह की चूक बर्दाश्त करेंगे"। एमओएएमसी ने कहा, "इस्तीफे, अनैतिक व्यवहार या छापेमारी से जुड़ी अफवाहों के बारे में फर्म और उसके अधिकारियों के खिलाफ लगाए गए आरोप पूरी तरह से झूठे हैं और जनता को गुमराह करने और दशकों की सेवा से अर्जित हमारे विश्वास को नुकसान पहुंचाने का प्रयास है।"

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!