Dark Mode
मुंबई इंडियंस ने रॉबिन उथप्पा को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, बने बैटिंग कोच

मुंबई इंडियंस ने रॉबिन उथप्पा को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, बने बैटिंग कोच

मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अगले सीजन से पहले मुंबई इंडियंस ने अपनी टीम को मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम फैसला लिया है। पांच बार आईपीएल का खिताब जीत चुकी फ्रेंचाइजी ने पूर्व भारतीय बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा को नया बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है। आईपीएल 2027 से पहले हुई इस नियुक्ति को टीम की बल्लेबाजी में नई ऊर्जा लाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

मुंबई इंडियंस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर उथप्पा की नियुक्ति की जानकारी साझा की। फ्रेंचाइजी ने उनका स्वागत करते हुए लिखा कि अपने शुरुआती सीजन का हिस्सा रहने के बाद अब वह ढेर सारे अनुभव के साथ टीम में लौट रहे हैं। उनके पास खेल की गहरी समझ, बेहतर संवाद कौशल और युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने की क्षमता है। टीम ने उन्हें 'पलटन' का हिस्सा बनने पर शुभकामनाएं भी दीं।

रॉबिन उथप्पा 11 नवंबर को 41 साल के होने जा रहे हैं। भारतीय क्रिकेट में उनका योगदान भी खास रहा है। उन्होंने देश के लिए 46 वनडे और 13 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। इसके अलावा, वह साल 2007 में टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा भी थे।

आईपीएल में रहा है शानदार रिकॉर्ड

उथप्पा का आईपीएल करियर काफी सफल रहा है। उन्होंने 2008 से 2022 तक लीग में अलग-अलग फ्रेंचाइजी के लिए खेलते हुए अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से पहचान बनाई। इस दौरान वह मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, पुणे वॉरियर्स इंडिया, कोलकाता नाइटराइडर्स, राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपरकिंग्स का हिस्सा रहे।

आईपीएल में खेले गए 205 मुकाबलों की 197 पारियों में उथप्पा ने 27 अर्धशतकों की मदद से कुल 4,952 रन बनाए। उनकी बल्लेबाजी में आक्रामकता और तेजी से रन बनाने की क्षमता हमेशा चर्चा में रही।

कोलकाता नाइटराइडर्स को 2014 में चैंपियन बनाने में भी उथप्पा की अहम भूमिका रही थी। उस सीजन में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। इसके अलावा, वह 2021 में आईपीएल खिताब जीतने वाली चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम का भी हिस्सा थे।

मुंबई की बल्लेबाजी को मिलेगी नई दिशा

रॉबिन उथप्पा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन टी10 लीग में अब भी सक्रिय हैं। बतौर बल्लेबाजी कोच आईपीएल में यह उनकी पहली जिम्मेदारी होगी। ऐसे में उनके सामने खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने और टीम की बल्लेबाजी रणनीति को मजबूत करने की चुनौती रहेगी।

पिछले कुछ सीजन में मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी में निरंतरता को लेकर सवाल उठते रहे हैं। टीम को कई मौकों पर अच्छे बल्लेबाजी प्रदर्शन की जरूरत महसूस हुई है। ऐसे में उथप्पा का अनुभव युवा और अनुभवी खिलाड़ियों दोनों के काम आ सकता है।

उनकी आक्रामक क्रिकेट शैली और आईपीएल के लंबे अनुभव से मुंबई इंडियंस को बल्लेबाजी में गहराई लाने में मदद मिलने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि नए कोच के मार्गदर्शन में टीम आईपीएल 2027 में कैसा प्रदर्शन करती है।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!