अस्थाई अतिक्रमण हटाए जाने को नगर पालिका प्रशासन आया हरकत में
लक्ष्मणगढ़। कस्बे के ग्रामीणों द्वारा बार-बार नगरपालिका को शिकायत करने पर आज कस्बे के तहसील परिसर के पीछे मालाखेड़ा रोड पटवार घर के पास तहसील के बगल में लगे टीन शैड पर्दे आदि को नगर पालिका प्रशासन द्वारा हटाया गया। इस पर नगरपालिका के अतिक्रमण कारी दस्ते को नोकझोंक का सामना भी करना पड़ा। दुकानदारों का कहना था कि नाले से अंदर आवागमन में कोई परेशानी नहीं हो रही है। टीन टप्पर को हटाने के लिए कोई नोटिस वगैरा भी नपा प्रशासन द्वारा नही दिया गया है। आनन-फानन में अतिक्रमण हटाया जाना न्यायोचित नहीं है। अतिक्रमण कारी दस्ते में कुलदीप मीणा आशीष मीणा ओमप्रकाश खेमराज रवि चौधरी हेमंत हेतराम रिंकू आदि मौजूद थे।
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी जगदीश खीचड़ का कहना है कि बार-बार अस्थाई अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों द्वारा शिकायत मिल रही थी। इस पर कार्रवाई करते हुए टीम का गठन कर अस्थाईअतिक्रमण को हटवाया गया। उन्होंने बताया कि कस्बे के मेन बाजार में भी अतिक्रमण किया हुआ है उस पर भी टीम द्वारा कार्यवाही जारी रहेगी।
इधर नगर पालिका प्रशासन को एक शिकायती पत्र प्राचीन किले की खाई स्थित में हो रहे अतिक्रमण को लेकर भी जागरूक नागरिकों द्वारा शिकायत की गई है। शिकायती पत्र में बताया कि पूर्व में कस्बे के गंदे नाले का पानी खाई में आकर एकत्रित होता था ।जिससे कस्बे का जल स्तर बना हुआ था लेकिन काफी समय से अतिक्रमण हो जाने से पानी के निकासी मार्गो को जगह-जगह अवरुद्ध कर दिया है। इससे कस्बे में जल स्तर काफी गहरा चला गया है। आने वाले समय में पानी की किल्लत का लोगो को सामना करना पड़ेगा। खाई में किए गए प्रभावशाली लोगों द्वारा अतिक्रमण को शीघ्र हटवाया जावे। अन्यथा विवश होकर आंदोलन का कदम उठाना पड़ेगा।