देश के 8 राज्यों में 72 जगहों पर NIA का छापा
NEWDELHI . नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी यानी NIA ने मंगलवार सुबह आठ राज्यों में 70 जगह छापेमारी की है। गैंगस्टर लॉरेंस और उसके करीबियों के ठिकानों पर यह रेड हुई हैं। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक NIA राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात और उत्तर प्रदेश में एक साथ कार्रवाई कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी यह कार्रवाई लॉरेंस और अलग-अलग राज्यों में फैले उसके सिंडिकेट के टेरर फंडिंग में शामिल होने के सबूत मिलने के बाद कर रही है। गैंगस्टर लॉरेंस और नीरज बवाना ने पूछताछ में हथियार सप्लायर गिरोह और टेरर फंडिंग की बात कबूली थी। खबर यह भी है कि NIA को रेड के दौरान कई जगह हथियार भी मिले हैं।
NIA सितंबर 2022 से अब तक पंजाब और हरियाणा में एक्टिव गैंगस्टर्स लॉरेंस, नीरज बवाना, बंबीहा सहित उत्तर भारत में फैले इनके सिंडिकेट से जुड़े लोगों पर एक्शन ले चुकी है।
NIA ने राजस्थान के कई जिलों में रेड की है। इसमें जोधपुर, सीकर, चूरू, झुंझुनू शामिल हैं। हाल ही में लॉरेंस बिश्नोई से जयपुर पुलिस ने भी पूछताछ की थी। लॉरेंस का पाक कनेक्शन और लॉरेंस के गुर्गों की तरफ से हथियारों की तस्करी इसी को देखते हुए NIA की टीम ने राजस्थान सहित कई राज्यों में छापेमारी कर रही है।गुजरात के गांधीधाम में NIA ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी सहयोगी कुलविंदर के परिसरों पर छापेमारी की। कुलविंदर कई साल से बिश्नोई का सहयोगी है। उसके खिलाफ बिश्नोई गैंग के लोगों की मदद करने के आरोप में कई केस दर्ज हैं। NIA के सूत्रों ने खुलासा किया कि कुलविंदर इंटरनेशनल ड्रग सिंडिकेट से भी जुड़ा है।हरियाणा के नारनौल में गैंगस्टर चिकू, गुरुग्राम में कौशल चौधरी के अलावा बहादुरगढ़, सोनीपत, सिरसा में NIA की छापामारी चल रही है। सूत्रों के मुताबिक, NIA को बिश्नोई और बवाना गैंग के लोगों के लिंक पाकिस्तान और ISI से जुड़े मिले हैं। अब तक जितने भी गैंगस्टर को UAPA में अरेस्ट किया गया है, उनसे पूछताछ के आधार पर एजेंसी को तमाम जानकारियां हाथ लगी हैं। गिरफ्तार किए गए गैंगस्टर्स ने बताया कि बिश्नोई और बवाना गैंग को पाकिस्तान से फंडिग की जा रही है, जिसका इस्तेमाल देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए किया जा रहा है।NIA ने उज्जैन के नागदा में दीपक भाटी के घर में छापेमारी की है। NIA इससे पहले भी उससे पूछताछ कर चुकी है। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद आरोपियों ने योगेश के घर फरारी काटी थी।दरअसल, पिछले 6 महीने की बात करें तो राष्ट्रीय जांच एजेंसी एनआईए ने लॉरेंस, नीरज बवाना, बंबीहा ग्रुप सहित उत्तर भारत में एक्टिव तमाम गैंगस्टर के ठिकानों पर कई बार कार्रवाई की है। सितंबर 2022 से शुरू हुई यह कार्रवाई अभी तक जारी है।गैंगस्टर के खिलाफ इससे पहले इतनी बड़ी कार्रवाई कभी नहीं हुई। पंजाबी सिंगर सिद्धू मुसेवाला की हत्या के अलावा खुफिया इनपुट के आधार पर एनआईए की टीमे गैंगस्टर का गठजोड़ तोड़ने में जुटी है।