Noise की नई स्मार्टवॉच लॉन्च, AMOLED डिस्प्ले और AI फीचर्स से लैस Halo 3`
नई दिल्ली। भारतीय वियरेबल मार्केट में एक और नया स्मार्ट गैजेट जुड़ गया है। Noise ने अपनी Halo सीरीज को आगे बढ़ाते हुए NoiseFit Halo 3 स्मार्टवॉच भारत में लॉन्च कर दी है। यह नई स्मार्टवॉच आधुनिक डिजाइन और एडवांस AI फीचर्स के साथ पेश की गई है।
इस स्मार्टवॉच में 1.43-इंच का AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जो 1000 निट्स की पीक ब्राइटनेस के साथ आता है। राउंड डायल डिजाइन और प्रीमियम फिनिश इसे स्टाइलिश लुक देते हैं। यह वियरेबल Android और iOS दोनों डिवाइसेज के साथ संगत है।
NoiseFit Halo 3 की सबसे बड़ी खासियत इसका AI-पावर्ड सिस्टम है, जिसे कंपनी ने Noise AI Pro नाम दिया है। इसमें वॉयस कमांड, AI ट्रांसक्रिप्शन, मॉर्निंग ब्रीफ और स्मार्ट नोटिफिकेशन जैसे फीचर्स शामिल हैं, जो यूजर अनुभव को और आसान बनाते हैं।
हेल्थ और फिटनेस के लिए इसमें हार्ट रेट मॉनिटरिंग, SpO2 ट्रैकिंग, स्ट्रेस और स्लीप मॉनिटरिंग जैसे फीचर्स दिए गए हैं। साथ ही कस्टमाइजेबल स्मार्ट डैशबोर्ड भी मिलता है, जिसमें यूजर अपनी जरूरत के अनुसार विजेट्स जोड़ सकता है।
एक और खास फीचर Noise Vault है, जिसकी मदद से यूजर्स अपने QR कोड जैसे मूवी टिकट, फ्लाइट पास और कॉन्सर्ट एंट्री सीधे वॉच में सेव कर सकते हैं।
भारत में इसकी शुरुआती कीमत 5,499 रुपये रखी गई है और यह मेटल, लेदर और सिलिकॉन स्ट्रैप वेरिएंट्स में उपलब्ध है। कंपनी का दावा है कि यह स्मार्टवॉच एक बार चार्ज करने पर लगभग 7 दिन तक बैटरी बैकअप दे सकती है।