जिला कलेक्टर के निर्देश पर जिले के सभी नगरीय निकायों में विशेष स्वच्छता महा-अभियान चलाया गया, युद्धस्तर पर हुई सफाई
बारां। जिला कलेक्टर श्री बाल मुकुंद असावा के निर्देशानुसार आज दिनांक 23 अगस्त 2026 को जिले के समस्त नगरीय निकाय क्षेत्रों - बारां, अंता, मांगरोल, छबड़ा, छीपाबड़ौद, अटरू, केलवाड़ा एवं किशनगंज सहित सभी नगर पालिकाओं में विशेष स्वच्छता महा-अभियान चलाया गया। जिला कलेक्टर महोदय द्वारा सफाई व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी निकायों को निर्देश दिए गए हैं कि शहरों को स्वच्छ, सुंदर और कचरा मुक्त बनाया जाए। इसी क्रम में आज सभी निकायों में प्रातः से ही सफाई दलों को सक्रिय कर विशेष सफाई अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के दौरान सभी उपखंड अधिकारियों, तहसीलदारों एवं अधिशासी अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में मौके पर पहुंचकर फील्ड निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नालियों, सड़कों, गलियों, सार्वजनिक शौचालयों, कचरा पॉइंट्स एवं सार्वजनिक स्थलों पर किए जा रहे सफाई कार्यों का भौतिक सत्यापन किया गया। जहां भी कार्य असंतोषजनक पाया गया, वहां संबंधित सफाई निरीक्षकों एवं जमादारों को तुरंत सुधार कर कार्य को पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए गए। अभियान के अंतर्गत सभी निकायों में विभिन्न वार्डों, मुख्य बाजारों, बस स्टैंड, अस्पताल परिसर, स्कूलों के आसपास, धार्मिक स्थलों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई करवाकर कचरा, गंदगी, झाड़ियों एवं सिल्ट की सफाई करवाई गई। सड़कों एवं गलियों में झाड़ू लगाकर कचरा एकत्रित किया गया तथा नालियों से सिल्ट निकालकर सफाई की गई। सभी नगर पालिकाओं में ऑटो टीपर, ट्रैक्टर-ट्रॉली, जेसीबी मशीनों एवं अन्य संसाधनों के माध्यम से कचरा संग्रहण एवं निस्तारण का कार्य युद्धस्तर पर करवाया गया। अभियान के दौरान कई टन कचरा, मलबा एवं सिल्ट निकालकर निर्धारित डंपिंग यार्ड पर निस्तारित किया गया। जिला कलेक्टर श्री असावा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा लापरवाह कार्मिकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों, व्यापार मंडलों, सामाजिक संगठनों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं से भी अपील की है कि वे अपने आसपास गंदगी न फैलाएं, कचरे को निर्धारित कचरा पात्र में ही डालें तथा जिला प्रशासन द्वारा संचालित स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान कर अपने शहर को स्वच्छ बनाने में भागीदार बनें। जिला प्रशासन द्वारा यह विशेष स्वच्छता अभियान आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा।