Dark Mode
बालक बुद्धि मानसिकता के साथ बर्ताव कर रहे नेता प्रतिपक्ष : शेखावत

बालक बुद्धि मानसिकता के साथ बर्ताव कर रहे नेता प्रतिपक्ष : शेखावत

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री का कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला, जोधपुर निवास पर मीडिया से बातचीत

जोधपुर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में शेखावत ने कहा कि वे (राहुल गांधी) देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक होने और संसद में नेता प्रतिपक्ष जैसे बेहद जिम्मेदार संवैधानिक पद पर बैठने के बावजूद अपने पद की प्रतिष्ठा, गरिमा और उत्तरदायित्व को महसूस नहीं कर पा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कटाक्ष किया कि बच्चा तो बड़ा हो गया, लेकिन बुद्धि अभी बच्चे जैसी ही बनी है। वे आज भी उसी 'बालक बुद्धि' मानसिकता के साथ बर्ताव कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि आज पूरी वैश्विक व्यवस्था चरमराई हुई है। दुनिया एक 'टर्बुलेंट जियोपॉलिटिकल सिचुएशन' से गुजर रही है। विश्व अब 'मल्टीपोलर' हो चुका है। ऐसे संकट के समय में पूरी दुनिया भारत की तरफ एक नई आशा और विश्वास की दृष्टि से देख रही है और हर देश भारत को अपना पार्टनर बनाने के लिए आतुर है। शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह बेहद सफल यात्रा देश के व्यापक हितों और भविष्य के 'विकसित भारत' के निर्माण के दृष्टिकोण से ऐतिहासिक रही है। इस दौरान कटिंग एज टेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर, डिफेंस इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग, नॉर्डिक देशों के साथ वॉटर टेक्नोलॉजी और नॉर्वे के साथ 'मोबिलिटी एग्रीमेंट' जैसे बेहद महत्वपूर्ण समझौते हुए हैं। वैश्विक ऊर्जा संकट के इस दौर में भारत के हितों के संरक्षण के लिए प्रधानमंत्री का यूनाइटेड अरब अमीरात का दौरा भी रणनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण था।
फॉल्स नैरेटिव' खड़ा करने की नाकाम कोशिश
शेखावत ने कहा कि दुर्भाग्य से उस बालक बुद्धि ने देश के व्यापक हितों से जुड़े इन गंभीर और ऐतिहासिक वैश्विक समझौतों को लेकर भी बचकानी टिप्पणियां कीं, गैर- जिम्मेदाराना बयानबाजी की और देश में एक 'फॉल्स नैरेटिव' खड़ा करने की नाकाम कोशिश की। शेखावत ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से जुड़ा एक ऐतिहासिक उदाहरण सामने रखा। उन्होंने याद दिलाया कि जब तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी लंका के दौरे पर थे और 'गार्ड ऑफ ऑनर' के समय उन पर हमला करने की कोशिश की गई थी, तब भारतीय जनता पार्टी विपक्ष में थी और सदन में भाजपा के 121 सांसद थे, जो कांग्रेस के मौजूदा 99 सांसदों की संख्या से कहीं बड़े थे। उन्होंने कहा कि विपक्ष में होने के बावजूद हमने उस हमले को किसी एक दल या नेता पर नहीं, बल्कि भारत की प्रतिष्ठा और संप्रभुता पर हमला माना था। भाजपा ने पूरी ताकत के साथ तत्कालीन कांग्रेस सरकार का साथ दिया था, उस हमले का पुरजोर खंडन किया था और उसकी कड़ी निंदा की थी। भारत में यह परंपरा रही है कि प्रधानमंत्री जब भी देश से बाहर जाते हैं तो सभी दल देश के व्यापक हितों को सर्वोपरि रखते हैं और कभी उन पर छिछोरी टिप्पणियां नहीं करते, लेकिन आज राहुल गांधी इस महान परंपरा को मटियामेट कर रहे हैं।
जनता ने नकारा, हाशिए पर सिमट रही कांग्रेस
राहुल गांधी के नेतृत्व पर प्रहार करते हुए शेखावत ने कहा कि देश की जनता अब उनके इस रवैये को अच्छी तरह समझ चुकी है। हाल में पांच राज्यों में हुए चुनावों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि देश की जनता ने चार राज्यों में कांग्रेस को सर्वथा नकार दिया और पूर्ण रूप से अस्वीकार कर दिया है। उन्होंने तंज कसा कि राहुल गांधी की इसी 'बच्चा बुद्धि' और कमजोर लीडरशिप के कारण कांग्रेस अब सिमटते-सिमटते दक्षिण में सिर्फ केरल और उत्तर में हिमाचल प्रदेश जैसे एक छोटे से राज्य तक ही सीमित रह गई है। शेखावत ने कहा कि जिस तरह की मानसिकता के साथ कांग्रेस की लीडरशिप काम कर रही है, अब तो बस इसी बात का इंतजार है कि जनता कब इन्हें राजनीतिक हाशिए से भी पूरी तरह समाप्त कर देगी।
जोधपुर के लिए रेलवे की बड़ी सौगातें
शेखावत ने कहा कि जोधपुर के लिए आज का दिन बेहद सौभाग्य का है। जोधपुर से चलने वाली 'वंदे भारत एक्सप्रेस' की भारी सफलता को देखते हुए अब इसमें कोचों की संख्या बढ़ाई जा रही है। गुजरात के सुदूर कच्छ रीजन से शुरू होकर जालौर होते हुए दिल्ली जाने वाली एक नई रेल सेवा की भी शुरुआत होने जा रही है। शेखावत ने जोधपुर की मांगों को सहर्ष स्वीकार करने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!