लोकसभा स्पीकर पर अविश्वास की तैयारी, विपक्ष बोला- सदन में दबाई जा रही आवाज
नई दिल्ली। लोकसभा में लगातार बढ़ते राजनीतिक तनाव के बीच विपक्ष ने स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी शुरू कर दी है। विपक्षी दलों का आरोप है कि सदन में उनकी आवाज को जानबूझकर दबाया जा रहा है।
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को संसद में बोलने का अधिकार मिलना चाहिए, लेकिन वर्तमान स्थिति में उन्हें बार-बार रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार नेता प्रतिपक्ष की भूमिका बेहद अहम होती है, फिर भी उन्हें अपनी बात रखने नहीं दी जा रही।
आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि स्पीकर का पद संवैधानिक होता है, न कि किसी पार्टी का प्रतिनिधि। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के साथ भेदभाव किया जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी है।
समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव को लेकर ‘इंडिया’ गठबंधन मिलकर फैसला करेगा। उन्होंने दावा किया कि सत्तापक्ष के नेताओं के माइक कभी बंद नहीं होते, जबकि विपक्षी सांसदों को बार-बार रोका जाता है।
शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने भी सदन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अपने 18 साल के संसदीय अनुभव में उन्होंने ऐसा माहौल पहले कभी नहीं देखा।
उन्होंने यह भी पूछा कि जब सांसदों को बोलने ही नहीं दिया जाएगा, तो संसद पर जनता का पैसा खर्च करने का क्या मतलब है। साथ ही उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और किसानों के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा।
फिलहाल विपक्षी दलों में इस मुद्दे पर चर्चा जारी है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ‘इंडिया’ गठबंधन इस पर अंतिम निर्णय ले सकता है।