पाकिस्तान : सुरक्षा बलों पर हमले में शामिल 9 आतंकी गिरफ्तार
इस्लामाबाद। पाकिस्तान में डेरा इस्माइल खान के दरबान इलाके में सेना चेकपोस्ट पर हमले में शामिल मास्टरमाइंड सहित नौ आतंकवादियों को गुरुवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। स्थानीय मीडिया से ये जानकारी सामने आई है। जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस के आतंकवाद निरोधक विभाग ने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से छह अफगानिस्तान के हैं, जबकि घातक हमले का मास्टरमाइंड डी.आई. खान दरबान इलाके का ही रहने वाला है। 12 दिसंबर को छह आतंकवादियों ने विस्फोटक से भरे ट्रक को इलाके के एक सैन्य अड्डे में घुसा दिया था और उसके बाद आत्मघाती बम हमला किया। तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) से संबद्ध एक नए समूह तहरीक-ए-जिहाद पाकिस्तान ने हमले की जिम्मेदारी ली थी।