पंचायती राज चुनाव 2026 : क्विज, पोस्टर और रंगोली से मतदान का संदेश
श्रीगंगानगर। पंचायती राज चुनाव 2026 में मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने और मतदान के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए श्रीगंगानगर जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न स्वीप गतिविधियों में हिस्सा लिया। क्विज, पोस्टर और रंगोली के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और नैतिक मतदान का संदेश दिया।
जिला परिषद के स्वीप नोडल अधिकारी अभिषेक जैन ने बताया कि शैक्षणिक संस्थानों के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर आदेश जारी किए गए हैं। इसका मुख्य उद्देश्य आगामी चुनावों में मतदाताओं को जागरूक करना और नैतिक मतदान को प्रोत्साहित करना है। अभियान की निगरानी की जिम्मेदारी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों (सीबीईओ) को सौंपी गई है।
नौ ब्लॉकों के 720 विद्यालयों में आयोजन
जिले के विभिन्न ब्लॉकों में विद्यार्थियों की भागीदारी के साथ जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। विभाग की ओर से उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, विद्यालयों की संख्या इस प्रकार रही:
-
श्रीगंगानगर ब्लॉक: 111 विद्यालय
-
सादुलशहर ब्लॉक: 71 विद्यालय
-
करणपुर ब्लॉक: 63 विद्यालय
-
पदमपुर ब्लॉक: 80 विद्यालय
-
रायसिंहनगर ब्लॉक: 79 विद्यालय
-
सूरतगढ़ ब्लॉक: 115 विद्यालय
-
श्रीविजयनगर ब्लॉक: 61 विद्यालय
-
अनूपगढ़ ब्लॉक: 74 विद्यालय
-
घड़साना ब्लॉक: 66 विद्यालय
इन सभी विद्यालयों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) प्रभारियों के निर्देशन में गतिविधियां आयोजित की गईं। सूरतगढ़ ब्लॉक में सबसे अधिक 115 विद्यालयों ने भाग लिया, जबकि श्रीविजयनगर ब्लॉक में 61 विद्यालय शामिल हुए।
हर सप्ताह होगी एक नई गतिविधि
जिला स्वीप समन्वयक रमन कुमार असीजा ने बताया कि मतदाता जागरूकता अभियान को लगातार जारी रखने के लिए प्रत्येक सप्ताह एक दिन, एक गतिविधि की थीम पर आधारित कैलेंडर तैयार किया जा रहा है। इस पहल में शिक्षा विभाग के साथ अन्य विभागों को भी शामिल किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कृषि, चिकित्सा, अल्पसंख्यक विभाग, राजीविका, महिला एवं बाल विकास विभाग, डीओआईटीसी, समाज कल्याण विभाग और मेडिकल, नर्सिंग व एग्रीकल्चर कॉलेजों के लिए भी गतिविधियों की योजना बनाई जा रही है।
नैतिक मतदान पर रहेगा विशेष जोर
स्वीप अभियान के तहत केवल मतदान के महत्व की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि मतदाताओं को स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करना भी प्रमुख उद्देश्य है। विद्यार्थियों के माध्यम से परिवारों और ग्रामीण समुदायों तक मतदान का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रशासन की योजना है कि विभिन्न विभागों और शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से यह अभियान लगातार जारी रहे, ताकि पंचायती राज चुनाव के दौरान अधिकाधिक मतदाता जागरूक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।