‘मेरा देश, मेरी आवाज़’ में गूंजा राष्ट्रप्रेम, स्वतंत्रता सेनानियों को किया याद
जयपुर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जयपुर आइकॉन्स द्वारा आयोजित विशेष सांस्कृतिक एवं साहित्यिक संध्या ‘मेरा देश, मेरी आवाज़’ में देशभक्ति, साहित्य और सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, साहस और बलिदान को स्मरण करते हुए नई पीढ़ी तक उनके विचार और राष्ट्रप्रेम की भावना पहुंचाना रहा।
जयपुर आइकॉन्स की संस्थापक कल्पना पुरोहित, हेमलता शाह, रिया मनोज एवं दीपक सिहाग ने सदस्यों और अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य वक्ता प्रो. सिद्धार्थ शास्त्री, स्वतंत्रता सेनानी एवं राजस्थान के प्रथम मुख्यमंत्री हीरालाल शास्त्री के पौत्र, ने उनके राष्ट्र निर्माण, शिक्षा, ग्राम विकास और महिला सशक्तिकरण में योगदान पर प्रकाश डाला।
वहीं वरिष्ठ क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट एवं SIMHANS के संस्थापक डॉ. प्रकाश गिरी ने मानसिक एवं भावनात्मक रूप से सशक्त समाज को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने स्वतंत्रता सेनानियों की भावनाओं को स्वर देते हुए भारत के नाम भावनात्मक पत्र प्रस्तुत किए। देशभक्ति प्रश्नोत्तरी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सामूहिक संगीत ने माहौल को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। आयोजन में बड़ी संख्या में सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।