राजस्थान दिवस कार्यक्रम में शामिल हुये जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं लाभार्थी
फलोदी . नगर पालिका टाऊन हॉल में गुरूवार को राजस्थान दिवस के मौके पर राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के निर्देशानुसार लाभार्थी उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जनकल्याणकारी योजनाओं से लांभावित प्रदेश के लाभार्थियों से सीधा वर्चुअल संवाद किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, अंतरजातीय विवाह अनुदान, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, किसान मित्र ऊर्जा योजना, उड़ान योजना एवं स्कूटी वितरण योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी शामिल हुये। कार्यक्रम में शामिल हुये लाभार्थियों ने बताया कि उनको सरकार की किन योजनाओं का लाभ मिला है। यह कार्यक्रम गुरूवार को पूरे प्रदेश में वर्चुअल आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, यूडीएच मंत्री शांतिलाल धारीवाल एवं कैबिनेट मंत्री महेश जोशी भी शामिल हुये। लाभार्थी उत्सव के माध्यम से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा जन संवाद किया। फलोदी टाऊन हॉल में इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष पन्नालाल व्यास पहलवान, उप जिला कलक्टर डाॅ. अर्चना व्यास, फलोदी तहसीलदार हुकमीचंद तंवर, ईओ सहदेवदान चारण, नायब तहसीलदार हड़मानराम भील, समाज कल्याण विभाग के प्रेम कुमार कुमावत एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।