फलोदी : जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सम्पन्न, चिकित्सा योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा
फलोदी। जिला कलक्टर की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे विभिन्न चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान के तहत महिलाओं व बच्चों में हिमोग्लोबिन जांच, सर्वाइकल कैंसर एवं स्तन कैंसर स्क्रीनिंग जांच की प्रगति का आकलन किया गया। इसके साथ ही ग्रामीण सेवा शिविरों में 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों की बी.पी. व शुगर जांच, गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच तथा बच्चों के टीकाकरण कार्य की स्थिति पर चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री नि:शुल्क दवा एवं जांच योजना, टी.बी. मुक्त भारत अभियान, आयुष्मान भारत योजना, पीएमजेएवाई कार्ड वितरण, विशेष योग्यजन प्रमाण पत्र वितरण तथा मौसमी बीमारियों की रोकथाम संबंधी गतिविधियों को प्राथमिकता से संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिविरों में अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिले, इस दिशा में सभी अधिकारी संवेदनशीलता से कार्य करें। बैठक में सीएमएचओ डॉ. प्रताप सिंह राठौड़, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. धीरज बिस्सा, अतिरिक्त सीएमएचओ डॉ. गिरीश कुमार व्यास, आरसीएचओ डॉ. हजारीमल सोनी सहित लोहावट, फलोदी व देचू के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी एवं समस्त खंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।