फलोदी : नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में नजदीकी रिश्तेदार गिरफ्तार
फलोदी। जिला फलोदी पुलिस ने एक 14 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ बलात्कार के मामले में आरोपी नजदीकी रिश्तेदार को गिरफ्तार किया है। घटना मतोडा थाना क्षेत्र की है। पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया आईपीएस के अनुसार, गंभीर अपराधों में वांछित मुलजिमों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता मिली है। इस कार्रवाई को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रजराजसिंह चारण आरपीएस और वृताधिकारी लोहावट संग्रामसिंह भाटी के निर्देशन में अंजाम दिया गया। घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि दिनांक 18 अगस्त 2025 को पीड़िता की मां ने मतोडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि जब वह पास के एक घर में सगाई के कार्यक्रम में गई हुई थी, तब आरोपी महेन्द्र ने, जो उनका नजदीकी रिश्तेदार है, ने अवसर का फायदा उठाते हुए नाबालिग बच्ची के साथ बलात्कार किया। थानाधिकारी मतोडा दाउद खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और आरोपी को ढूंढकर हिरासत में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) जोधपुर की टीम से सबूतों का संग्रह करवाया। पुलिस के अनुसार, आरोपी महेन्द्र ने अपना जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद 19 अगस्त 2025 को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अभी उससे पूछताछ जारी है।
आमजन से अपील: पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने बच्चों को ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ के बारे में जरूर बताएं। साथ ही, आस-पास होने वाली किसी भी अपराधिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस और जनता के सहयोग से ही इस तरह के घिनौने अपराधों पर अंकुश लगाया जा सकता है।