Dark Mode
पीएम मोदी-सेशेल्स राष्ट्रपति की मुलाकात, बोले- हिंद महासागर ने सदियों से जोड़ा रिश्ता

पीएम मोदी-सेशेल्स राष्ट्रपति की मुलाकात, बोले- हिंद महासागर ने सदियों से जोड़ा रिश्ता

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के बीच सोमवार को अहम मुलाकात हुई। इस दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग, व्यापार और विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के बाद संयुक्त बयान में पीएम मोदी ने राष्ट्रपति हर्मिनी और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा ऐसे खास समय में हो रही है, जब सेशेल्स अपना 50वां स्वतंत्रता दिवस और भारत-सेशेल्स राजनयिक संबंधों की 50वीं वर्षगांठ मना रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और सेशेल्स के रिश्ते सिर्फ राजनीतिक या कूटनीतिक नहीं हैं, बल्कि हिंद महासागर की लहरों ने दोनों देशों के लोगों को सदियों से जोड़ रखा है। व्यापार, संस्कृति और आपसी विश्वास के जरिए यह रिश्ता लगातार मजबूत हुआ है।

पीएम मोदी ने आर्थिक सहयोग को और आगे बढ़ाने की बात कही। उन्होंने बताया कि दोनों देश लोकल करेंसी में व्यापार, फिनटेक और डिजिटल समाधान जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करेंगे। भारत अपने डिजिटल और तकनीकी अनुभव को सेशेल्स के साथ साझा करेगा।

इस मौके पर प्रधानमंत्री ने सेशेल्स के लिए 175 मिलियन डॉलर के विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा भी की। यह पैकेज सोशल हाउसिंग, ई-मोबिलिटी, स्किल ट्रेनिंग, स्वास्थ्य, रक्षा और समुद्री सुरक्षा जैसी परियोजनाओं को सहयोग देगा।

उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से सेशेल्स के युवाओं को रोजगार और प्रशिक्षण के नए अवसर मिलेंगे। साथ ही, सेशेल्स के सिविल सर्वेंट्स को भारत में ट्रेनिंग देने के लिए एमओयू पर भी हस्ताक्षर किए गए हैं।

स्वास्थ्य और विकास साझेदारी पर जोर देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत हमेशा सेशेल्स का भरोसेमंद सहयोगी रहा है और भविष्य में भी दोनों देश मिलकर आगे बढ़ते रहेंगे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!