Dark Mode
पीएम मोदी के 25 साल, भाजपा का ‘सेवा संकल्प’ आज से

पीएम मोदी के 25 साल, भाजपा का ‘सेवा संकल्प’ आज से

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर भारतीय जनता पार्टी गुरुवार से एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू कर रही है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री का जन्मदिन है, जबकि 7 अक्टूबर को उनके सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होंगे।

भाजपा ने इस अभियान को सेवा और जनसंपर्क से जोड़ते हुए कई कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है। पार्टी का कहना है कि इस दौरान प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों से जुड़े सेवा, विकास और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने 9 सितंबर को पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अभियान की घोषणा की थी। उन्होंने बताया था कि नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभालने के साथ अपने सार्वजनिक जीवन की मौजूदा यात्रा की शुरुआत की थी।

नितिन नवीन के मुताबिक, भाजपा प्रधानमंत्री के जन्मदिन को हर साल ‘सेवा दिवस’ के तौर पर मनाती है। इसी परंपरा के तहत इस वर्ष जन्मदिन से लेकर 17 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाने का फैसला किया गया है।

पार्टी अध्यक्ष ने कहा था कि प्रधानमंत्री की 25 साल की सार्वजनिक यात्रा को भाजपा सेवा और राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता के रूप में देखती है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अभियान से जुड़ने की अपील भी की थी।

अभियान की शुरुआत मध्य प्रदेश के उज्जैन से किए जाने की जानकारी दी गई है। यहां नितिन नवीन मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ कार्यक्रम में शामिल होंगे।

भाजपा के अनुसार, महीने भर चलने वाले इस अभियान के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में सेवा गतिविधियों और जनसंपर्क कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। पार्टी प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों से जुड़े कार्यों और पहलों को भी इन कार्यक्रमों के जरिए सामने रखेगी।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!