Dark Mode
PNB का मुनाफा उछला, चौथी तिमाही में 5,225 करोड़ का फायदा

PNB का मुनाफा उछला, चौथी तिमाही में 5,225 करोड़ का फायदा

नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने वित्त वर्ष 2025-26 की (जनवरी-मार्च) चौथी तिमाही के नतीजे का ऐलान कर दिया है। 31 मार्च को समाप्त चौथी तिमाही में पीएनबी का मुनाफा सालाना आधार पर 14.4 फीसदी बढ़कर 5,225 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इससे पिछले वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही में बैंक का मुनाफा 4,567 करोड़ रुपये रहा था।

पीएनबी ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि जनवरी-मार्च तिमाही में बैंक की कुल आय घटकर 36,319 करोड़ रुपये रह गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 36,705 करोड़ रुपये थी। इस दौरान बैंक की ब्याज आय 31,989 करोड़ रुपये से बढ़कर 32,157 करोड़ रुपये हो गई।

बैंक ने बताया कि संपत्ति गुणवत्ता के मोर्चे पर पीएनबी की सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां (एनपीए) सकल अग्रिमों की 2.95 फीसदी रहीं, जो मार्च 2025 के अंत में 3.95 फीसदी थीं। बैंक का शुद्ध एनपीए भी 0.4 फीसदी से घटकर 0.29 फीसदी हो गए।

इसके अलावा बैंक के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए प्रति शेयर तीन रुपये के लाभांश की भी सिफारिश की है, जो बैंक की आगामी वार्षिक आम बैठक में शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन है।

 

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!