पुलिस ने मांगे राजस्थान मिशन 2030 को लेकर सुझाव
बामनवास:राजस्थान मिशन 2030 को लेकर यहां पुलिस थाने में ग्राम रक्षक, सुरक्षा सखी व सीएलजी सदस्यों की संयुक्त बैठक का आयोजन कर राजस्थान को देश का नंबर 1 राज्य बनाने के लिए तैयार किए जाने वाले डोक्युमेंट के लिए सुझाव मांगे गए। थानाधिकारी हरिमन मीणा ने बताया कि उपस्थित सदस्यों को मिशन की जानकारी देते हुए पुलिस सहित अन्य विभागों के लिए भी जो सुझाव सरकार के ध्यान में लाना चाहते हैं वे फेस टू फेस सर्वे प्रपत्र में भरकर दे सकते हैं इसे लेकर सदस्यों ने अपने सुझाव साझा किए।इस दौरान कई सदस्यों ने एक जैसा सुझाव दिया कि पुलिस को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए वाहन उपलब्ध कराया जावें। खटारा वाहन के स्थान पर नया वाहन खरीदा जावें। इसके अलावा प्रत्येक सरकारी कार्यालयों में प्रति वर्ष बीस बीस पौधे लगाकर उनकी पूर्ण सुरक्षा की जिम्मेदारी देने,थाना क्षेत्र की तीन तीन ग्राम पंचायतों पर कम से कम चार चार पुलिस कर्मियों सहित चौकी स्थापित करने, एरिए की जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने, पुलिस को स्वतंत्र रूप से कार्य करने की छूट दिए जाने सहित कई सुझाव बताए एवं लिखकर दिए गए।