Dark Mode
स्पा सेंटरों पर पुलिस का शिकंजा : गाइडलाइन उल्लंघन करने वाले 23 गिरफ्तार

स्पा सेंटरों पर पुलिस का शिकंजा : गाइडलाइन उल्लंघन करने वाले 23 गिरफ्तार

जयपुर। राजधानी में स्पा सेंटरों की आड़ में नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ जयपुर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस थाना जवाहर सर्किल ने जयपुर पूर्व जिले में संचालित दो स्पा सेंटरों पर छापा मारकर पुलिस आयुक्तालय की गाइडलाइन का उल्लंघन पाए जाने पर 11 पुरुषों और 12 महिलाओं सहित कुल 23 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटरों में विभिन्न अनियमितताएं सामने आईं।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि जवाहर सर्किल थाना क्षेत्र में संचालित करीब 37 स्पा सेंटरों के संचालकों को पूर्व में पुलिस आयुक्तालय की गाइडलाइन की पालना करने की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद कुछ सेंटरों में नियमों का उल्लंघन जारी रहने की सूचना मिलने पर महिला पुलिसकर्मियों को साथ लेकर आकस्मिक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान ‘सवाई थाई स्पा’ और ‘ऑक्सिड स्पा’ सहित चार स्पा सेंटरों में अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए 23 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
जवाहर सर्किल थानाधिकारी महेश चंद्र ने बताया कि स्पा एवं मसाज सेंटरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिछले कुछ दिनों में करीब 78 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अवहेलना करने वाले स्पा सेंटर संचालकों के खिलाफ आगे भी नियमित जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
जवाहर सर्किल थानाधिकारी महेश चंद्र ने बताया कि गिरफ्तार पुरुषों में पप्पू सिंह (दौसा), नितेश धाकड़ (भीलवाड़ा), विल्क्षण विभूति गिरी (उत्तराखंड), नोमान (जयपुर), विष्णु (भरतपुर), लक्ष्मण (सवाई माधोपुर), धर्मेंद्र जादौन (सवाई माधोपुर) शामिल हैं। इसके अलावा नागालैंड निवासी जेहोतो, हपितो, विनोका सोचो और पितोवितो को भी गिरफ्तार किया गया, जो मालवीय नगर स्थित सवाई थाई स्पा में कार्यरत थे।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक श्यामप्रकाश, रमन पूनियां, सहायक उपनिरीक्षक विक्रम सिंह, हेड कांस्टेबल किशोर सिंह, कांस्टेबल लोकेंद्र सिंह, पप्पूलाल, राधेश्याम, महिला कांस्टेबल ममता तथा चालक कांस्टेबल दीनदयाल शामिल रहे।

 

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!