लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने काटे चालान
नारायणपुर । कस्बे के बानसूर रोड पर रविवार को पुलिस ने उच्चाधिकारियों के निर्देश में लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाया। फोर व्हीलर एवं टू व्हीलर वाहन चालकों के खिलाफ नियम विरुद्ध पाए जाने पर एमबी एक्ट में पुलिस द्वारा कार्यवाही कर चालान काटे गये। थानाधिकारी शिवशंकर चतुर्वेदी ने बताया कि उच्चधिकारियों के निर्देशन पर पुलिस जाब्ते के साथ कस्बे के बानसूर रोड पर पुलिस द्वारा एमबी एक्ट के तहत अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस द्वारा कार्यवाही की है। फोर व्हीलर वाहन चालक जो सीट बेल्ट का उपयोग नहीं ले रहे हैं। शराब पीकर गाड़ी चला रहे थे, उनके खिलाफ चालान काटे हैं। हेलमेट, रजिस्ट्रेशन एवं इंश्योरेंस नहीं पाए जाने पर बाइक चालकों के चालान काटकर वाहनों को जब्त किया है। जिसमें 10 वाहन चालकों के चालान काटे गए। उन्होंने बताया लापरवाह एवं गैर जिम्मेदार वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि व्हीकल एक्ट का जिम्मेदारी के साथ पालन करें। बाइक चालक गाड़ी के महत्वपूर्ण दस्तावेज रखने के साथ हेलमेट का प्रयोग जरूर करें। इसके साथ ही कार चालक एवं अन्य वाहन चालक वाहन ड्राइव करते समय सीट बेल्ट का उपयोग करें। व्हीकल एक्ट की पालना नहीं करने पर चालान काटने के साथ वाहनों को जब्त करने की कार्यवाही की जाएगी।