डीडवाना रिजर्व पुलिस लाइन में आज मनाया गया पुलिस शहीद दिवस समारोह
डीडवाना। रिजर्व पुलिस लाइन में आज पुलिस शहीद दिवस मनाया गया। इस मौके पर जिला पुलिस अधीक्षक आलोक श्रीवास्तव की अगुवाई में पुलिस के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही गार्ड ऑफ ऑनर देकर शहीदों का सम्मान किया गया। इस दौरान रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस के सिपाहियों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया।
इस अवसर पर एसपी आलोक श्रीवास्तव ने देश के सभी प्रान्तों, केन्द्र शासित प्रदेशों व अर्द्ध सैन्य बलों के सभी शहीदों के नाम का वाचन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। एसपी ने कहा कि 21 अक्टूबर 1959 को सीआरपीएफ के पुलिस अधिकारी करम सिंह के नेतृत्व में 20 जवानों की पुलिस टोली पर हॉट स्प्रिंग्स, लद्दाख में 16 हजार फीट की ऊंचाई पर गश्त के दौरान चीन की सेना द्वारा घात लगाकर हमला किया गया। इस आक्रमण में पुलिस के 10 जवान वीर गति को प्राप्त हुए। इन वीरों के बलिदान को याद करने और उनसे प्रेरणा हासिल करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए शहीद हुए पुलिस के शूरवीरों की स्मृति में सम्पूर्ण देश में पुलिस शहीद दिवस मनाया जाता है।