पुलिस कर्मी द्वारा ट्रैक्टर चालक को थप्पड़ मारने का आरोप, ग्रामीणों का विरोध
समझाईश के बाद मामला हुआ शांत
नाहरगढ़ . नाहरगढ़ कस्बे में मंगलवार देर शाम मुख्य चौराहे पर खड़े ट्रैक्टर को हटाने के दौरान पुलिसकर्मी द्वारा ट्रैक्टर चालक को थप्पड़ मारने का आरोप लगाते हुए दुकानदार समेत ग्रामीणों ने विरोध किया। और पुलिसकर्मी से माफी मंगवाने की मांग की। काफी देर तक मुख्य चौराहे पर हंगामा चलता रहा। जिसके बाद समझाईश के बाद मामला शांत हुआ।
कस्बे के मुख्य चौराहे पर एक किराने की दुकान के बाहर ट्रैक्टर ट्रॉली खड़े हुए थे। वहां मौजूद पुलिसकर्मी ने हटाने के लिए कहा। उसके कहने पर भी नहीं हटाने पर मध्य प्रदेश निवासी पीड़ित सुनील नायक ने थप्पड़ मरने का आरोप लगाया। इसके बाद पीड़ित और उसके साथ आए परिजनों तथा आसपास दुकानदारो सहित ग्रामीणों ने इसका विरोध किया। काफी देर तक चौराहे पर हंगामा होने के बाद पीड़ित ग्रामीणों के साथ पुलिस थाना परिसर पहुंचे। और थानाधिकारी के समक्ष थप्पड़ मारने वाले पुलिसकर्मी द्वारा माफी मंगवाने की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान मौजूद दुकानदार सोनू गर्ग, भाजयुमो कार्यकर्ता ऋषि पाल सिंह, दुकानदार राजा खंडेलवाल समेत ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर आए दिन इसी प्रकार का अनैतिक व्यवहार करने का आरोप लगाया। मौके पर ही कांग्रेस वरिष्ठ नेता मंडी चेयरमैन ललित शर्मा, कांग्रेस कार्यकर्ता लाखन नागर, गणेश सोनी सहित कई लोगों ने पहुंचकर थानाधिकारी से बातचीत की। और दोनों पक्षों के बीच समझाईश करवाकर मामला शांत करवाया। इस मामले में कोई मामला दर्ज नही करवाया गया।
नाहरगढ थानाधिकारी राजकुमार ने बताया कि कस्बेवासियों व दुकानदारों ने ट्रैक्टर हटाने के मामले में पुलिसकर्मी द्वारा ट्रैक्टर चालक को थप्पड़ मारने का आरोप लगाया था। ऐसे में दोनो पक्षों की समझाइश करवाई गई।