देवधाम मंदिर जोधपुरिया से राजनीति खत्म हो-विजय बैंसला
टोंक। दिल्ली के लालकिले से 5 सितम्बर को रवाना हुई जोधपुरिया देव नारायण भगवान की यात्रा हरियाणा, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड होते हुए राजस्थान के अलवर, कोटपुतली, शाहपुरा, जयपुर, चाकसू, निवाई होते हुए बुधवार को देवधाम जोधपुरिया पहुंची। यात्रा संयोजक धीर सिंह गुर्जर ने बताया कि देवनारायण भगवान की यात्रा में लाखों गुर्जर श्रद्धालु देव जी के झंडे के नीचे चलते रहे। उन्होने बताया कि यात्रा 20 सितम्बर बुधवार को यात्रा जोधपुरिया देवधाम पहुंची, जिसमें प्रत्येक गांव से एक झंडा सम्मिलित हुआ। निवाई में यात्रा के मुख्य अतिथि गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष विजय बैंसला रहे । प्रदेशाध्यक्ष विजय बैंसला ने इस अवसर पर कहा कि देवनारायण भगवान के मंदिर से राजनीति खत्म होनी चाहिए, केवल समाज सुधार की बात हो। विजय बैंसला यात्रा में पदयात्रियों के साथ भगवान देवनारायण जी का जयघोष करते हुए पैदल चले । विजय बैंसला के साथ गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के एड. अतरसिंह, प्रदेश सचिव दिनेश गुर्जर, एड. देवराज टोंक, मलखान डोई, सुभाष गुर्जर तिघरिया, निवाई प्रधान रामअवतार लांगडी, राजू टोंक, शंकर गुर्जर, पूर्व प्रधान चंद्रकला गुर्जर एवं मांगी लाल गुर्जर आदि यात्रा में शामिल रहे।