राजस्थान में रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका, दो स्लीपर टूटे
श्रीगंगानगर. राजस्थान के सीमावर्ती जिले श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलमार्ग पर 50 जीबी गांव के पास मंगलवार रात करीब 9:45 बजे जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि इसकी आवाज घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके से रेलवे पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के समय वहां कोई ट्रेन मौजूद नहीं थी। रामसिंहपुर थाना प्रभारी राम प्रताप के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 8:30 बजे अनूपगढ़ जंक्शन से सूरतगढ़ के लिए पैसेंजर ट्रेन रवाना हुई थी। यह ट्रेन रात करीब 9 बजे 50 जीबी गांव के पास से गुजरी थी। इसके लगभग 45 मिनट बाद रेलवे ट्रैक पर विस्फोट हुआ। ऐसे में अगर ट्रेन धमाके के समय वहां से गुजरती तो गंभीर हादसा हो सकता था।
विस्फोट के बाद ट्रैक के बीच करीब दो फीट गहरा गड्ढा बन गया। इसके अलावा पटरियों को जोड़ने वाले लॉक को भी नुकसान पहुंचा। धमाके की आवाज सुनकर पास की ढाणी में रहने वाले ग्रामीण मौके पर पहुंचे। रेलवे लाइन की हालत देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। रात करीब 11 बजे पुलिस और संबंधित अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। पुलिस के साथ खुफिया ब्यूरो (आईबी), अपराध जांच विभाग (सीआईडी) और आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) की टीमें भी मौके पर पहुंचकर पड़ताल कर रही हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विस्फोट किस तरह हुआ, इसमें किस सामग्री का इस्तेमाल किया गया और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है। फिलहाल किसी साजिश की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सुरक्षा के मद्देनजर अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलमार्ग पर रेल यातायात रोक दिया गया है। बुधवार को इस रूट पर चलने वाली चार पैसेंजर ट्रेनें रद्द कर दी गईं। इनमें गाड़ी संख्या 59711, 59712, 59715 और 59716 शामिल हैं। ट्रैक की जांच और मरम्मत से जुड़ी कार्रवाई पूरी होने तक यात्रियों को असुविधा हो सकती है।
फिलहाल जांच एजेंसियां सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटा रही हैं। विस्फोट की असली वजह और इसके पीछे किसी व्यक्ति या समूह की भूमिका है या नहीं, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।