नगर निकाय चुनाव की तैयारी तेज, मतदान कर्मियों का पहला रेंडमाइजेशन पूरा
चित्तौड़गढ़। नगर निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर जिला प्रशासन एवं निर्वाचन विभाग की तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने एनआईसी कक्ष में मतदान कार्मिकों का प्रथम रेंडमाइजेशन किया।
प्रथम रेंडमाइजेशन के दौरान नगर निकाय आम चुनाव के लिए नियुक्त मतदान दलों के पीठासीन अधिकारी, प्रथम मतदान अधिकारी, द्वितीय मतदान अधिकारी एवं तृतीय मतदान अधिकारी का रेंडमाइजेशन किया गया। रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया निर्धारित नियमों एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सम्पन्न कराई गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी कार्यों को पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ सम्पन्न करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में नियुक्त प्रत्येक कार्मिक अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक तैयारियां पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि नगर निकाय आम चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। मतदान प्रक्रिया से जुड़े कार्मिकों को समयबद्ध रूप से प्रशिक्षण एवं आवश्यक दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए जाएंगे।
प्रथम रेंडमाइजेशन के माध्यम से मतदान कार्मिकों की निर्वाचन प्रक्रिया में ड्यूटी निर्धारण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम पूरा हुआ। आगामी चरणों में निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान दलों के गठन एवं अन्य आवश्यक निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाएं पूर्ण की जाएंगी।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, एनआईसी के अधिकारी अशोक लोढ़ा सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।