चित्तौड़गढ़ निकाय चुनाव की तैयारी तेज, भाजपा ने वार्ड संयोजक नियुक्त किए
चित्तौड़गढ़। आगामी नगर परिषद चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को ओछड़ी स्थित जिला भाजपा कार्यालय पर आयोजित हुई। बैठक में निकाय चुनाव प्रभारी एवं मावली के पूर्व विधायक धर्मनारायण जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी तथा जिला संगठन सह प्रभारी नरेंद्र जैन उपस्थित रहे। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज पारीक ने बताया कि बैठक में चित्तौड़गढ़ नगर परिषद के 60 वार्डों को लेकर वार्ड संयोजकों की नियुक्ति की गई। निकाय चुनाव प्रभारी धर्मनारायण जोशी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी जिसे भी प्रत्याशी बनाकर चुनाव मैदान में उतारे, सभी कार्यकर्ताओं का लक्ष्य उसे विजयी बनाना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर हर हाल में चित्तौड़गढ़ नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनाना है। भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने कहा कि नगर परिषद चुनाव संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रत्येक वार्ड में कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ संगठन को मजबूत करें और पार्टी के निर्णय को सर्वोपरि रखते हुए पूरी ताकत से चुनाव मैदान में जुटें। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और सामूहिक प्रयासों से नगर परिषद में भाजपा का मजबूत बोर्ड बनाया जाएगा। जिला संगठन सह प्रभारी नरेंद्र जैन ने कहा कि चुनाव में संगठन की योजना और कार्यकर्ताओं का समन्वय महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सभी वार्ड संयोजक अपने-अपने वार्ड में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देते हुए कार्यकर्ताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखें। चुनाव संयोजक सुशील शर्मा ने कहा कि वार्ड स्तर पर संगठन को सक्रिय करने के साथ ही चुनाव की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। वार्ड संयोजकों के माध्यम से कार्यकर्ताओं और संभावित प्रत्याशियों के साथ समन्वय स्थापित कर चुनावी तैयारी को मजबूत किया जाएगा। भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी ने कहा कि सभी वार्ड संयोजकों को आवेदन पत्र वितरित कर दिए गए हैं। नगर परिषद चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ता आगामी दो दिनों में आवेदन पत्र भरकर जमा करा सकते हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। बैठक में भाजपा जिला महामंत्री रघु शर्मा, हर्षवर्धन सिंह रूद, जिला मंत्री गोवर्धन जाट, चंदेरिया मंडल अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह मंचासिन रहे।