Dark Mode
3 दिन के ओडिशा दौरे पर राष्ट्रपति मुर्मु, सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर

3 दिन के ओडिशा दौरे पर राष्ट्रपति मुर्मु, सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 3 से 5 अगस्त तक ओडिशा के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगी। उनके प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर राज्य प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कटक, खुर्दा और गंजाम जिलों में सुरक्षा, यातायात और लॉजिस्टिक व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

दौरे के पहले दिन राष्ट्रपति कटक में जगदगुरु कृपालु विश्वविद्यालय का उद्घाटन करेंगी। इसके बाद 4 अगस्त को वह विशेष रेल यात्रा के जरिए भुवनेश्वर से बरहमपुर पहुंचेंगी। वहां से तप्तपानी जाकर मां कंधुनी देवी मंदिर और शिव मंदिर में पूजा-अर्चना एवं आरती में शामिल होंगी।

राष्ट्रपति की यात्रा को सुचारू बनाने के लिए जिला प्रशासन, ओडिशा पुलिस और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थलों और मार्गों का निरीक्षण कर रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक सुविधाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।

ओडिशा की मुख्य सचिव अनु गर्ग की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सुरक्षा, रेलवे, परिवहन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को तय समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने और आपसी तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से राष्ट्रपति के कार्यक्रमों के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने पर जोर दिया।

बरहमपुर के पुलिस अधीक्षक श्रवण विवेक एम. ने बताया कि राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के अनुसार सुरक्षा योजना तैयार की गई है और दौरे से पहले सुरक्षा एजेंसियां रिहर्सल भी करेंगी।

उन्होंने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के बाद पुलिस टीम ने राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया है। सभी स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है ताकि दौरा पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

रेल यात्रा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने भुवनेश्वर और बरहमपुर रेलवे स्टेशनों पर साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रपति की विशेष ट्रेन के संचालन के दौरान सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!