अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस पर कार्यक्रम आयोजित
सभ्य समाज में नशा नाश की जड़ है, आने वाली पीढ़ियों को जागरूक करें-संभागीय आयुक्त
कोटा । अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस पर सोमवार को नगर विकास न्यास ओडिटोरियम में जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसमें स्कूली विद्यार्थी, सामाजिक स्वयंसेवी संस्थाएं, बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह, आईजी प्रसन्न कुमार खमेसरा, जिला कलक्टर ओपी बुनकर, पुलिस अधीक्षक शहर शरद चौधरी, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कावेंद्र सागर सहित अधिकारियों ने भाग लेकर नशे के खिलाफ जनजागृति लाने का आव्हान किया।
संभागीय आयुक्त ने कहा कि सभ्य समाज में नशा नाश की जड़ है, आने वाली पीढ़ियों को नशे के दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक कर इससे बचाव के लिए तैयार करना होगा। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं व विभिन्न विभागों को मिलकर जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सावचेत करना होगा। उन्होंने कहा कि बचपन से ही विद्यार्थियों में नशे के दुष्परिणामों के बारे में अवगत कराकर धूम्रपान, गुटखा, तम्बाकू, शराब जैसी प्रवृत्तियों से दूर रखें।
पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि सभ्य समाज के नवनिर्माण में नशे को प्रतिबंधित करना होगा। आमजन को नशे से हो रहे नुकसान से जागरूक कर स्वस्थ समाज के लिए नशामुक्त समाज की कल्पना को साकार करना होगा। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के धन, प्रतिष्ठा एवं सम्मान सभी को धूमिल कर देता है जिससे उसे समाज में इज्जत नहीं मिलती।
जिला कलक्टर ने कहा कि समाज में नशे के दुष्प्रभावों के कारण युवा पीढ़ी का भविष्य खराब हो रहा है। सामाजिक संस्थाओं एवं जागरूक लोगों का दायित्व है कि समाज में नशे को दूर कर शिक्षित व संस्कारवान पीढ़ी तैयार करें। उन्होंने नशे के बढ़ते प्रभाव पर चिंता करते हुए सामूहिक रूप से सभी को आगे आने का आव्हान किया।
पुलिस अधीक्षक शहर ने कहा कि नशे के कारोबार को रोकने के लिए प्रशासनिक स्तर पर पहल के साथ-साथ सामाजिक स्तर पर भी कडाई का संदेश दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा एवं खेल की प्रति जुनून पैदा कर सफलता के साथ उच्च सोपान प्राप्त करने का आव्हान किया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने समाज में नशे की लत के कारण शारीरिक व मानसिक दुष्प्रभाव की जानकारी देते हुए कहा कि सभी संगठनों को नशामुक्त समाज के लिए मिलकर कार्य करना होगा।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ममता तिवाड़ी ने नशा विरोधी कार्यक्रमों की जानकारी देकर मतदाता जागरूकता की भी शपथ दिलाई। उप निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ओपी तोषनीवाल ने अंतर्राष्ट्रीय नशा विरोधी दिवस के बारे में जानकारी दी। चिकित्सा विभाग के प्रतिनिधियों ने नशा के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर एलबीएस शिक्षण संस्थान के निदेशक कुलदीप माथुर, सर्वोदय संस्थान के एजी मिर्जा, नवोदय के राकेश शर्मा, राजाराम कर्मयोगी, नशामुक्ति केन्द्र के घनश्याम वर्मा सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
शपथ दिलाई-
समारोह में संभागीय आयुक्त ने सभी संगठनों के प्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई तथा नशा विरोधी गतिविधियों को संचालित करने वाली स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों का सम्मान किया।
रैली निकालकर दिया संदेश-
इससे पूर्व शैक्षणिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा घटोत्कच्छ सर्किल से रैली निकालकर नशा विरोधी नारे लगाते हुए आम लोगों को जीवन में नशा नहीं करने के लिए जागरूक किया। जिला कलक्टर ने हरी झण्डी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में एलबीएस शिक्षण संस्थान, सर्वोदय शिक्षण संस्थान, नवोदय स्कूल, कर्मयोगी संस्थान, हृूमन हेल्पलाईन सहित विभिन्न संस्थाओं ने भाग लिया। कटपूतली एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्परिणाम बताए।