श्रीलंका के खिलाफ टीम से बाहर हो सकते हैं राहुल; विराट और रोहित पर संशय
भारत और श्रीलंका के बीच तीन टी-20 मैचों की सीरीज तीन जनवरी से शुरू होने जा रही है। श्रीलंका दौरे के लिए टीम का ऐलान कुछ दिनों में किया जा सकता है। श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का खेलना संदिग्ध है। उनकी अंगुली की चोट अब तक ठीक नहीं हुई है। ऐसे में ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को कप्तानी की जिम्मेदारी दी जा सकती है।
बता दें कि बांग्लादेश के खिलाफ मैच में फिल्डिंग करते समय रोहित शर्मा के अंगुली में चोट लग गई थी। उसके बाद से वह टीम से बाहर हैं। टी-20 टीम में ओपनर बल्लेबाज केएल राहुल की टीम में जगह अब पक्की नहीं मान सकते है। अनुमान लगाया जा रहा है कि श्रीलंका के खिलाफ सीरीज से उन्हें बाहर किया जा सकता है। इस फॉर्मेट में राहुल का हालिया फॉर्म काफी खराब रहा है। उनकी पिछली छह पारियों में भले ही दो अर्धशतक आए हों लेकिन दोनों हॉफ सेंचुरी अपेक्षाकृत कमजोर टीम के खिलाफ है।
राहुल ने पाकिस्तान के खिलाफ चार, नीदरलैंड के खिलाफ नौ, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नौ, बांग्लादेश के खिलाफ 50, जिम्बाब्वे के खिलाफ 51 और इंग्लैंड के खिलाफ पांच रन बनाए थे। वहीं,विराट कोहली को भी टी-20 प्रारूप से कुछ दिनों के लिए आराम दिया जा सकता है। हार्दिक इससे पहले भी रोहित की गैरमौजूदगी में भारतीय टीम की कप्तानी कर चुके हैं। हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में उन्होंने भारतीय टीम की कप्तानी की थी। चेतन शर्मा की अगुवाई वाली राष्ट्रीय चयन समितिश्रीलंका के खिलाफ सीरीज के लिए टीम का चयन करेगी। इस चयन समिति को भारतीय टीम के टी-20 विश्वकप में खराब प्रदर्शन के कारण हटा दिया था, लेकिन नई चयन समिति की घोषणा होने में अभी एक सप्ताह का समय लग सकता है। उम्मीद है कि क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) द्वारा चयन समिति के सदस्यों को चुनने के लिए उम्मीदवारों का साक्षात्कार 26 से 28 दिसंबर के बीच होगा।