राहुल गांधी का आरोप : भारत-अमेरिका ट्रेड डील से कपास किसानों और टेक्सटाइल उद्योग को नुकसान
-
राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील से कपास किसानों को नुकसान बताया
-
18% टैरिफ बनाम 0% रियायत को “आगे कुआं, पीछे खाई” वाला जाल कहा
-
टेक्सटाइल उद्योग और कपास किसानों की सुरक्षा की मांग
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता Rahul Gandhi ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह ट्रेड डील कपास किसानों और देश के टेक्सटाइल उद्योग पर उल्टा असर डाल सकती है। राहुल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो पोस्ट कर बताया कि अमेरिका में 0% टैरिफ के लाभ के लिए बांग्लादेश को अमेरिकी कपास आयात करना अनिवार्य है।
राहुल ने कहा कि भारत में 18% टैरिफ घोषित करने के बाद जब उन्होंने संसद में बांग्लादेश को मिल रही रियायत पर सवाल उठाया, तो केंद्र सरकार ने बताया कि अगर भारत भी वही फायदा चाहता है तो अमेरिकी कपास मंगानी होगी। राहुल ने इसे देश के कपास किसानों के लिए धोखा बताया और कहा कि अगर अमेरिकी कपास मंगाई गई तो हमारे किसान बर्बाद होंगे, और यदि नहीं मंगाई गई तो टेक्सटाइल उद्योग पिछड़ जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि कपास की खेती और टेक्सटाइल उद्योग करोड़ों लोगों की आजीविका का आधार हैं। इस समझौते से दोनों क्षेत्रों को गहरी चोट लग सकती है और लाखों परिवार बेरोजगारी और आर्थिक संकट में फंस सकते हैं। राहुल ने केंद्र सरकार से ऐसी नीति अपनाने की मांग की, जो किसानों और टेक्सटाइल उद्योग दोनों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करे।