राहुल गांधी ने मानगढ़ धाम पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी
गहलोत बोले- 100 कराेड़ रुपए से इलाके के विकास का काम शुरू करेंगे
बांसवाड़ा . विश्व आदिवासी दिवस पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी थोड़ी देर में बांसवाड़ा के मानगढ़ धाम में सभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले मानगढ़ धाम पहुंचकर उन्होंने शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। राहुल गांधी के साथ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट भी मौजूद हैं। इस सभा के जरिए राहुल नवंबर में होने वाले राजस्थान-मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आदिवासी वोटर्स को साधेंगे।
इस सभा को लेकर कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंकी है, क्योंकि इसी मानगढ़ धाम पर नवंबर 2022 में प्रधानमंत्री सभा कर चुके हैं। सभा को लेकर प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कई मंत्री बांसवाड़ा में डेरा डाले हुए थे।
दावा किया जा रहा है कि राहुल गांधी इस सभा से राजस्थान की 25 और मध्यप्रदेश की 47 आरक्षित सीटों पर आदिवासी वोटर्स को साधने की कोशिश करेंगे। दूसरी तरफ कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी की यात्रा का असर पूरे राजस्थान पर रहेगा।
गहलोत बोले- 100 करोड़ से शुरू होगा मानगढ़ धाम का विकास
राहुल गांधी से पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारत सरकार ने इस स्मारक के विकास का वादा किया था, लेकिन काम नहीं किया। इसलिए अब राज्य सरकार इस धाम का विकास करेगी। 100 करोड़ की लागत से इसकी शुरुआत कर रहे हैं।सचिन पायलट बोले- भाजपा का मेन इंजन ही फेल करना होगा
सभा को संबोधित करते हुए सचिन पायलट ने कहा कि आज पार्लियामेंट के अंदर भाषण देकर आए हैं। हर मोर्चे पर भारत सरकार फेल रही है। हमने कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन की सरकार फेल की है, अब समय आ गया है कि भाजपा का दिल्ली वाला मेन इंजन ही फेल कर दिया जाए।
दोनों दलों के लिए मानगढ़ मुद्दा
प्रधानमंत्री की सभा से पहले मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने की बात चली थी, लेकिन ऐसी घोषणा नहीं हुई थी। तब प्रधानमंत्री ने सभा में कहा कि इससे सटे राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र चारों राज्यों की सरकार इसके विकास को लेकर काम करें। इसके बाद गहलोत ने कहा कि भारत सरकार ऐसा नहीं कर रही है तो राजस्थान सरकार इसके विकास को लेकर काम करेगी।