विश्व स्वास्थ्य दिवस पर किया रैली का आयोजन
बालोतरा। माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के एक्शन प्लान के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बालेातरा द्वारा विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर ‘मेरा स्वास्थ्य मेरा अधिकार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (अपर जिला सेशन न्यायाधीश) बालोतरा के सचिव सिद्धार्थ दीप ने हरी झंडी दिखाकर चिकित्सा एवं नर्सिंग कर्मियों की रैली को रवाना किया।
रैली राजकीय नाहटा जिला चिकित्सालय, बालोतरा से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्ग, चौराहों व आवासीय क्षेत्रों में संचालित की गई।
इस रैली का आयोजन नाहटा चिकित्सालय के चिकित्सा एवं सभी नर्सिंग स्टाफ के सहयोग से किया गया। रैली का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरुक करते हुए समाज के समक्ष स्वास्थ्य के महत्व को रेखांकित करना है। रैली में नर्सिंग स्टाफ के सदस्यों ने चिकित्सालय परिसर के क्षेत्र, शहर व विभिन्न क्षेत्रों के निवासरत आमजन को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने, संतुलित आहार लेने और नियमित व्यायाम करने के महत्व को नारो व संदेशों से साझा किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सिद्धार्थ दीप ने इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि “स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी संपत्ति है। हमें अपने और अपने परिवार के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण न केवल कानूनी सहायता प्रदान करता है, बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता व स्वस्थ जीवन शैली अपनाये जाने संबंधी महत्व के विषयों के संबंध में आमजन को सैदव जागरुक करने हेतु अग्रणी रहा है।
रैली समाप्ति पर नाहटा जिला चिकित्सालय उप नियंत्रक बालकृष्ण द्वारा सभी का धन्यवाद व आभार ज्ञापित किया गया।