रामदुलारी ने मतदान गीत गाकर दिया मतदान करने का संदेश
धौलपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी धौलपुर श्रीनिधि बी टी द्वारा लक्षण मतदाता वर्ग में दिव्यांग, महिलाओं, नव मतदाताओं को जागरूक करने हेतु सभी सक्रिय अधिकारियों आमजन का सहयोग लेने के साथ स्वयं मतदाता के घर पहुंच कर ईएलसी संदेशवाहकों से तथा मोबाइल कॉल कर उन्हें मतदान करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने शतायु मतदाताओं के सम्मान के लिए भी विशेष अभियान चला कर उनसे मतदाता जागरूकता संदेश दिलाने की पहल की है।
विपरपुर ग्राम की जाटव बस्ती निवासी रामदुलारी को जब ईएलसी नोडल प्रभारी विपरपुर अतुल चौहान ने जिला निर्वाचन अधिकारी के संदेश को सुनाया तो वयोवृद्ध मतदाता ने स्वयं वोट करने के साथ अन्य लोगों को भी वोट देने को प्रेरित करने के लिए तुरंत गीत बनाया और ताली बजाकर उसे गाकर मतदान जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर सेक्टर अधिकारी रमाकांत शर्मा एवं बीएलओ पुरुषोत्तम को रामदुलारी ने बताया कि उनके परिवार में तीन पुत्र, पुत्रवधू, 6 पौत्र और पौत्रवधू के साथ वह भी मतदान केंद्र पर जाकर अपना वोट देंगी।
हरिफूल ने पारंपरिक मतदान से वीवीपैट सहित ईवीएम से मतदान के बदलाव को किया याद
विपरपुर ग्राम पंचायत के बरैलपुरा ग्राम में शतायु मतदाता हरिफूल ने जिला निर्वाचन अधिकारी का संदेश सुनकर सबसे पहले उनको धन्यवाद बोला और कहा कि वह होम वोटिंग के बजाय धीरे-धीरे चलते हुए मतदान केंद्र पर पहुंच जाएंगे और स्वयं मतदान मशीन से वोट करेंगे। उन्होंने ईएलसी प्रभारी अतुल चौहान, सैक्टर अधिकारी रामाकांत शर्मा से प्रत्येक चुनाव में वोट डालने के संकल्प को बताते हुए लाइन लगाकर गिनती होने से लेकर मतदान मशीन तक की प्रक्रिया को याद किया तथा सभी को वोट अवश्य करने का संदेश दिया। बीएलओ पुरुषोत्तम ने बताया कि हरिफूल मतदाता के प्रपौत्र अशोक ने भी अपने वोट के लिए आवेदन कर दिया है और वह सीनियर सेकेंडरी कक्षा में विपरपुर स्कूल में अध्ययनरत है।