Dark Mode
राशिद खान ने Gujarat Titans के साथ जुड़ने पर जताई खुशी

राशिद खान ने Gujarat Titans के साथ जुड़ने पर जताई खुशी

नई दिल्ली। आईपीएल 2026 के लिए राशिद खान गुजरात टाइटंस की टीम से जुड़ गए हैं। राशिद से इस सीजन टीम को दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। अफगानिस्तान के स्पिन गेंदबाज के लिए पिछला सीजन कुछ खास नहीं गुजरा था। वह 15 मुकाबलों में सिर्फ 9 ही विकेट निकाल सके थे। गुजरात टाइटंस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर राशिद खान के स्वागत में खास पोस्ट शेयर किया। राशिद की तस्वीर के साथ गुजरात ने कैप्शन में लिखा, "खुशी का माहौल है, क्योंकि गुजरात की शान घर आ गए हैं। घर में आपका स्वागत है, राशिद खान।" राशिद आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस की तरफ से खेलते हुए संघर्ष करते नजर आए थे। राशिद ने 9.35 की इकोनॉमी से रन खर्च किए थे। हालांकि, हाल ही में खत्म हुए टी20 विश्व कप 2026 में राशिद का प्रदर्शन दमदार रहा था। राशिद ने अफगानिस्तान की ओर से खेले 4 मुकाबलों में 6 विकेट निकाले थे और वह काफी किफायती भी साबित हुए थे। राशिद ने सिर्फ 6.68 की इकोनॉमी से रन दिए थे। गुजरात की टीम आईपीएल 2026 में राशिद से इसी फॉर्म को टूर्नामेंट में बरकरार रखने की उम्मीद करेगी।
आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस ने एलिमिनेटर तक का सफर तय किया था। शुभमन गिल की कप्तानी में टीम ने 14 में से 9 मुकाबलों में जीत दर्ज की थी। हालांकि, एलिमिनेटर मैच में गुजरात को मुंबई इंडियंस के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी। गुजरात की ओर से शुभमन गिल और साई सुदर्शन का प्रदर्शन लाजवाब रहा था। गिल ने 15 मुकाबलों में 144 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 650 रन बनाए थे। वहीं, साई सुदर्शन ने 15 मुकाबलों में 156 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 759 रन बनाए थे।
वहीं, गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे। उन्होंने 15 मुकाबलों में 25 विकेट निकाले थे। गुजरात ने आईपीएल 2026 के लिए हुए ऑक्शन में जेसन होल्डर, टॉम बैंटन और लुक वुड को खरीदा है। होल्डर के आने से टीम इस सीजन ज्यादा संतुलित नजर आ रही है।

 

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!