काशी विश्वनाथ के दरबार में पहुंचे रिलायंस जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी
रिलायंस जियो इंफोकॉम लिमिटेड के चेयरमैन और मुकेश अंबानी के बेटे आकाश अंबानी वाराणसी पहुंचे थे। वाराणसी पहुंचने के बाद उन्होंने भगवान काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन किए। यहां उन्होंने सबसे पहले विधि विधान के साथ पूजा की। आकाश अंबानी ने बाबा विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने के बाद मंदिर में दान भी किया है। जानकारी के मुताबिक बाबा विश्वनाथ मंदिर में उन्होंने एक करोड़ रुपये का दान किया है। उन्होंने ये दान एक चेक के जरिए किया है। मंदिर में दर्शन करने के बाद आकाश अंबानी दशास्वमेध घाट पहुंचे। यहां उन्होंने विधि विधान से गंगा मां की पूजा अर्चना की है। काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने बताया कि बुधवार की रात को आकाश अंबानी ने बाबा श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा श्री काशी विश्वनाथ का विधिवत दर्शन पूजन किया।