Dark Mode
राजस्थान में गर्मी से राहत, 40 डिग्री से नीचे रहा पारा

राजस्थान में गर्मी से राहत, 40 डिग्री से नीचे रहा पारा

जयपुर. राजस्थान में बुधवार को मौसम का मिजाज कुछ बदला हुआ नजर आया। दिन के तापमान में गिरावट दर्ज होने से प्रदेशवासियों को तेज गर्मी से मामूली राहत मिली। पिलानी, जैसलमेर, चूरू और श्रीगंगानगर समेत कई शहरों में अधिकतम तापमान करीब दो डिग्री सेल्सियस तक नीचे आया। खास बात यह रही कि राज्य में कहीं भी दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक नहीं पहुंचा।

पिलानी में अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। इसके बाद चूरू में 38.7, फलोदी और टोंक में 38.6, बाड़मेर में 38.1 और जोधपुर में 37.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।

जयपुर में दोपहर को गर्मी, शाम को राहत

राजधानी जयपुर में दिन के समय धूप का असर बना रहा। यहां अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो जैसलमेर के 37 डिग्री से थोड़ा अधिक रहा। दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस हुई, लेकिन शाम के बाद तापमान नीचे आने से मौसम कुछ सुहावना हो गया।

जयपुर में रात का न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में रात का पारा कम रहने से सुबह और देर शाम हल्की ठंडक महसूस की जा रही है।

माउंट आबू सबसे ठंडा, कई शहरों में 20 डिग्री से नीचे पारा

रात के तापमान में भी गिरावट का असर देखने को मिला। माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सिरोही में 16.2, उदयपुर में 18.2, नागौर में 19.5 तथा भीलवाड़ा और पाली में 19.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।

इन इलाकों में सुबह के समय मौसम में हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। तापमान में इसी तरह गिरावट जारी रही तो आने वाले दिनों में सुबह-शाम ठंड का असर और बढ़ सकता है।

अगले दो दिन मौसम रहेगा शुष्क

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अगले दो दिनों तक राजस्थान में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान कई जगह धूप खिली रहेगी। अधिकतम तापमान 30 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

हालांकि, 10 अक्टूबर से सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इसके प्रभाव से कुछ इलाकों में बादल छाने और बारिश की स्थिति बन सकती है।

11-12 अक्टूबर को इन जिलों में बारिश के आसार

पश्चिमी विक्षोभ का असर 11 और 12 अक्टूबर को बीकानेर और जयपुर संभाग के कई जिलों में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं और अलवर में बादल छाने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई है।

बारिश और बादलों के कारण तापमान में आगे और गिरावट हो सकती है। ऐसे में राजस्थान में दिन की गर्मी से राहत के साथ सुबह और शाम की ठंडक बढ़ने के आसार हैं।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!