Dark Mode
मिडिल ईस्ट में राहत की खबर डोनाल्ड ट्रंप ने घोषित किया 3 सप्ताह का सीजफायर

मिडिल ईस्ट में राहत की खबर डोनाल्ड ट्रंप ने घोषित किया 3 सप्ताह का सीजफायर

वाशिंगटन। अमेरिकी की मेजबानी में इजराइल और लेबनान वाशिंगटन में गुरुवार को हुई राजदूत स्तर की वार्ता में तीन हफ्ते के सैन्य विराम ( युद्ध विराम/ सीज फायर) पर सहमत हो गए। बैठक के आखिर में दोनों पक्षों से बातचीत करने के बाद यह घोषणा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने की। अमेरिकी विदेश मंत्रालय की मध्यस्थता में हुई इस शांति वार्ता की सफलता पर ट्रंप ने खुशी जताई।

सीबीएस न्यूज और अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को व्हाइट हाउस में इजराइल और लेबनान के अधिकारियों के बीच शांति वार्ता के दूसरे दौर के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने घोषणा की कि दोनों देशों के बीच युद्ध विराम को तीन हफ्ते के लिए बढ़ा दिया गया है। उन्होंने सोशल ट्रुथ पर लिखा, "इजराइल और लेबनान के बीच युद्ध विराम को तीन हफ्ते के लिए बढ़ाया जाएगा। " इजराइल और लेबनान के बीच शुरुआती 10 दिन का युद्ध विराम 16 अप्रैल को लागू हुआ था।

राष्ट्रपति ने कहा कि यह समझौता ओवल ऑफिस में हुई एक बैठक के बाद हुआ। इसमें उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री मार्को रूबियो, इजराइल में अमेरिकी राजदूत माइक हकाबी, लेबनान में अमेरिकी राजदूत मिशेल इस्सा और इजराइल व लेबनान के उच्चस्तरीय प्रतिनिधि शामिल हुए। ट्रंप ने लिखा, "बैठक बहुत अच्छी रही। मैं निकट भविष्य में इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन की मेजबानी करने के लिए उत्सुक हूं।"

ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि ईरान को लेबनान के आतंकी संगठन हिजबुल्लाह को फंडिंग बंद करनी होगी। उन्होंने कहा कि शांति के लिए यह बहुत जरूरी है। इस बीच ईरान समर्थित हिजबुल्लाह ने एक बयान में कहा, "लेबनान और उसके लोगों की रक्षा और इजराइली दुश्मन के सीज फ़ायर के उल्लंघन और दक्षिणी लेबनान के याटर शहर को निशाना बनाने के जवाब में रॉकेटों की बौछार से श्टुला बस्ती को निशाना बनाया गया है।" इस पर इजराइली सेना ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि "लेबनान से इजराइली क्षेत्र में प्रवेश करने वाले कई रॉकेटों को रोक दिया गया।

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि यह रॉकेट हमला गुरुवार को पहले दक्षिणी लेबनान पर हुए एक इजराइली हमले के बाद हुआ। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी। इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा कि वह ईरान के खिलाफ युद्ध फिर से शुरू करने के लिए तैयार हैं। उनका देश अमेरिका से हरी झंडी मिलने का इंतजार कर रहा है। इस पर ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि ईरान हर स्थिति का मुकाबला करने के लिए तैयार है। उधर, लेबनानी पत्रकार अमल खलील की हत्या को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विरोध जारी है।

अमेरिका में लेबनान की राजदूत नाडा हमादेह मोअवाद ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से संक्षेप में बात की। मोअवाद ने लेबनान के एलबीसीआई ब्रॉडकास्टर से कहा, "हमने इजराइली उल्लंघनों को रोकने और दक्षिण में हो रही तबाही को रोकने के संबंध में लेबनान का पक्ष रखा। हमने राष्ट्रपति ट्रंप से वादा किया कि हम लेबनान को फिर से महान बनाएंगे।"

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!