जिला स्तरीय बैंकर्स समिति की त्रैमासिक बैठक में हुई बैंकिंग योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
जयपुर। कलेक्ट्रेट सभागार, जयपुर में शुक्रवार को जिला स्तरीय बैंकर्स समिति की त्रैमासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का आयोजन अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय, जयपुर के निर्देशन में दोपहर 3 बजे से किया गया। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (चतुर्थ) आशीष कुमार ने की। बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक, जयपुर राजेश आर. जैन, भारतीय रिजर्व बैंक से एलडीओ चेतना गोयल, नाबार्ड से डीडीएम अरविंद चाहर, भारतीय स्टेट बैंक से प्रचुर गुप्ता, नगर निगम से मनीष, अनुजा विभाग के अधिकारी सहित विभिन्न विभागों एवं बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक के दौरान अग्रणी जिला प्रबंधक राजेश कुमार जैन एवं अधिकारियों द्वारा जयपुर जिले के सभी बैंक जिला समन्वयकों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ एजेंडा के अनुसार विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर दलित आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना तथा स्वयं सहायता समूह बैंक लिंकेज कार्यक्रम की प्रगति पर चर्चा की गई। इसके साथ ही प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना सहित सामाजिक सुरक्षा बीमा योजनाओं के लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। भारतीय रिजर्व बैंक की एलडीओ चेतना गोयल ने वित्तीय समावेशन कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, वित्तीय साक्षरता शिविरों के आयोजन तथा बीसी एजेंटों की नियुक्ति पर जोर दिया। वहीं नाबार्ड के डीडीएम अरविंद चाहर ने कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने तथा किसानों को अधिक से अधिक ऋण उपलब्ध कराने के संबंध में चर्चा की। बैठक में आरसेटी द्वारा भेजे गए ऋण आवेदन पत्रों की स्थिति, प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना तथा कृषि एवं उद्यमिता से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। सभी बैंकर्स द्वारा अपनी-अपनी बैंकिंग योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर आरोह फाउंडेशन, जयपुर से वित्तीय परामर्शदाता नाथूलाल जाट (सीएफएल सांगानेर), संजीव कुमार मीणा (गोविंदगढ़) तथा नरेंद्र कुमार चौधरी (टीएसपी सांगानेर) सहित विभिन्न बैंकों के जिला प्रबंधक, सहायक प्रबंधक एवं कृषि विपणन विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।