समग्र शिक्षा की STARS योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित
जयपुर। स्कूल शिक्षा विभाग अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश यादव की अध्यक्षता में समग्र शिक्षा के अंतर्गत संचालित STARS (Strengthening Teaching-Learning and Results for States) परियोजना की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य परियोजना निदेशक एवं आयुक्त डॉ. रश्मि शर्मा भी उपस्थित रहीं। बैठक में परियोजना के अंतर्गत PAB द्वारा वर्षवार स्वीकृत राशि, जारी राशि, अब तक किए गए व्यय तथा शेष राशि की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही स्वीकृत गतिविधियों की प्रगति, लंबित कार्यों और उपलब्ध बजट के उपयोग की स्थिति पर भी विचार-विमर्श किया गया। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए STARS परियोजना के अंतर्गत राजस्थान के लिए 243.77 करोड़ रुपये की विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इनमें बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक दक्षता, डिजिटल लर्निंग, शिक्षक क्षमता निर्माण, स्मार्ट कक्षाओं, व्यावसायिक शिक्षा, करियर मार्गदर्शन तथा ICT आधारित शिक्षण से संबंधित गतिविधियां शामिल हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश यादव ने स्वीकृत गतिविधियों के समयबद्ध क्रियान्वयन तथा उपलब्ध बजट का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित गतिविधियों की नियमित समीक्षा करते हुए वित्तीय एवं भौतिक प्रगति में तेजी लाने पर जोर दिया। डॉ. रश्मि शर्मा ने परियोजना के निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने तथा स्वीकृत गतिविधियों को समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में समग्र शिक्षा एवं STARS परियोजना से संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।