जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न
बून्दी। जल जीवन मिशन के अन्तर्गत जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की मासिक बैठक को शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर अक्षय गोदारा की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि जिले में कोई भी घर जल जीवन मिशन के लाभ से वंचित नहीं रहे। उन्होंने निर्देश दिए कि मिशन के तहत डाली जा रही पाइप लाइन के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत संबंधी ठेकेदार द्वारा ही करवाई जानी है। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्य पूर्ण होने के बाद सड़क की मरम्मत आवश्यक रूप करवाई जावे।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी राजकीय विद्यालय, आंगनबाड़ी, सीएचसी में भी जीवन जल जीवन मिशन के तहत कनेक्शन करवाए जाए। कनेक्शन होने के उपरांत इसका भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट भिजवाना सुनिश्चित किया जावे। जिला परिषद के अधीन सभी विभाग जल जीवन मिशन के तहत करवाए जाने वाले कार्यों के संबंध में संबंधित पंचायत के सरपंच से समन्वय स्थापित करें, ताकि अभियान का बेहतर क्रियान्वयन हो सके। उन्होंने ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के लिए भूमि आवंटन संबंधी प्रकरण के मामले में संबंधित क्षेत्र के उपखंड अधिकारी से संपर्क किया जाकर आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत निर्मित होने वाले सामुदायिक शौचालय में जल जीवन मिशन के तहत ही पानी की उपलब्धता हो। साथ शौचालय निर्माण के कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जावे। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के जिला परियोजना समन्वयक को निर्देश दिए कि जिन सामुदायिक शौचालयों में कनेक्शन हो चुका है, उनकी रिपोर्ट बनाकर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को भिजवाई जावे। उन्होंने निर्देश दिए कि नल मित्र के रूप में कार्मिक नियोजित करने का कार्य आचार संहिता हटने के बाद करवा लिया जावे।
जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के तहत करवाए गए कार्यों की प्रगति की संख्या में अंतर नहीं रहे। इसका विशेष ध्यान रखा जावे। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विभागों के प्रगति के डाटा में अंतर है वे इसको ठीक करना सुनिश्चित करें। इसके लिए कराए गए कार्यों का भौतिक सत्यापन भी किया जावे।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी दुर्गाशंकर मीणा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता डीएन व्यास, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.ओपी सामर, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. महावीर शर्मा, स्वच्छ भारत मिशन के जिला परियोजना समन्वयक निजामुद्दीन, आईसीडीएस उपनिदेशक ऋचा चतुर्वेदी, जिला शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र व्यास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।