जिला परिषद द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की
प्रशासन गांव के संग अभियान की तैयारियों के दिए निर्देश
सवाई माधोपुर । जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिषेक खन्ना ने बुधवार को जिला परिषद सभाागार में जिला परिषद द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी खन्ना ने सांसद स्थानीय क्षेत्रीय विकास योजना, विधायक स्थानीय क्षेत्रीय विकास योजना की समीक्षा करते हुए समय पर स्वीकृत कार्यों को गुणवत्ता पूर्वक कराने के निर्देश संबंधित अधिकारी को प्रदान किए। इसके साथ ही उन्होंने समय पर समायोजन कराने के भी निर्देश जारी किए।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने मनरेगा योजना द्वारा अमृत सरोवर, खेल मैदान, उद्यान विकास निर्माण कार्यों को समय पर गुणवत्तापूर्ण करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ियों का सुदृढ़ीकरण करवाने एवं उनमें शौचालय निर्माण कार्य में प्रगति लाने के निर्देश भी दिए।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने संभागीय आयुक्त कार्यालय, सतर्कता, लाइट्स पोर्टल, संपर्क पोर्टल, मुख्यमंत्री कार्यालय से आमजन से प्राप्त समस्त परिवादो का समय पर निस्तारण करने के दिशा निर्देश प्रदान किए। वहीं मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने आंगनबाड़ी भवनों में शौचालय निर्माण के कार्य में प्रगति लाने सीएसआर के माध्यम से आंगनबाड़ी भवनों के सुदृढ़ीकरण करने के दिशा निर्देश दिए। एरिया एप के टारगेट पूर्ण कर ग्राम पंचायतों में करवाए जा रहे विकास कार्यों के नियमित पर्यवेक्षण करने के लिए संबंधित विकास अधिकारियों को निर्देश दिए।
सांसद स्थानीय क्षेत्रीय विकास तथा डांग विकास योजना के तहत ग्राम पंचायत खिदरपुर जादौन की रिकवरी को जमा करवाने के लिए विकास अधिकारी खंडार को निर्देशित किया। माडा योजना की समीक्षा कर कार्यों का निरीक्षण करने एवं उनकी यूसी सीसी मंगवाकर समायोजन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले की समस्त पंचायतों में आधार बेस सिस्टम से शत-प्रतिशत भुगतान प्रणाली को लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना में द्वितीय किस्त जारी करने के निर्देश दिए। जिन्होंने आवास नही बनाए तथा राशि उठा ली उनके विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने संबंधित पंचायत समिति के विकास अधिकारियों को प्रशासन गांव के संग अभियान की तैयारी करने के भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक में जिला परिषद के अतरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजीत सहारिया, अधिशाषी अभियंता गोपाल दास मंगल, प्रकाश चंद मीणा, समस्त पंचायत समितियों के विकास अधिकारी, सहायक अभियंता जिला परिषद के परियोजना अधिकारी महेश मीना , वरिष्ठ लेखा अधिकारी प्रभाकर शर्मा, डीपीएम बलवंत सिंह सहित जिला परिषद के अधिकारी कार्मिक उपस्थित थे।