Dark Mode
डॉलर के सामने कमजोर पड़ा रुपया, 48 पैसे की गिरावट के साथ हुई क्लोजिंग

डॉलर के सामने कमजोर पड़ा रुपया, 48 पैसे की गिरावट के साथ हुई क्लोजिंग

नई दिल्ली। कमजोर ग्लोबल संकेतों, स्टॉक मार्केट की कमजोरी, विदेशी निवेशकों द्वारा अपने पैसे की निकासी और डॉलर की मांग में तेजी आने का असर आज भारत के मुद्रा बाजार में साफ साफ नजर आया। मुद्रा बाजार में बने नकारात्मक माहौल के कारण रुपया आज डॉलर की तुलना में कमजोर होकर बंद हुआ। भारतीय मुद्रा आज डॉलर की तुलना में 48 पैसे फिसल कर 88.70 (अनंतिम) के स्तर पर बंद हुई। इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को भारतीय मुद्रा 88.22 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुई थी।

रुपये ने आज के कारोबार की शुरुआत भी गिरावट के साथ ही की थी। इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में भारतीय मुद्रा ने आज सुबह डॉलर के मुकाबले 19 पैसे की कमजोरी के साथ 88.41 रुपये के स्तर से कारोबार की शुरुआत की थी। आज का कारोबार शुरू होने के बाद रुपये की कमजोरी लगातार बढ़ती गई। डॉलर की मांग में तेजी आने के कारण भारतीय मुद्रा लुढ़क कर 88.74 रुपये प्रति डॉलर तक गिर गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद डॉलर की तुलना में रुपये ने 48 पैसे की गिरावट के साथ 88.70 के स्तर पर आज के कारोबार का अंत किया।

मुद्रा बाजार के आज के कारोबार में रुपये ने डॉलर के साथ ही ज्यादातर दूसरी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्राओं के मुकाबले भी कमजोर प्रदर्शन किया। आज के कारोबार के बाद ब्रिटिश पौंड (जीबीपी) की तुलना में रुपया 36.17 पैसे की कमजोरी के साथ 116.98 (अनंतिम) के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह यूरो की तुलना में रुपया आज 35.01 पैसे की गिरावट के साथ 103.03 (अनंतिम) के स्तर पर पहुंच कर बंद हुआ।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!