Dark Mode
सवाई माधोपुर; नार्को कोर्डिनेशन सेंटर समिति की बैठक आयोजित

सवाई माधोपुर; नार्को कोर्डिनेशन सेंटर समिति की बैठक आयोजित

नशा मुक्त सवाई माधोपुर के लिए ठोस कार्ययोजना पर हुआ मंथन

सवाई माधोपुर। नशीले पदार्थों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए गठित जिला नार्को कोर्डिनेशन सेंटर समिति की बैठक सोमवार को जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा करते हुए विभिन्न विभागों को समन्वित व प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने मादक पदार्थों की तस्करी, अफीम व गांजे की अवैध खेती, वैध खेती से अवैध डायवर्जन, अफीम की कटाई के बाद डोडा पोस्त का नष्टकरण, ट्रामाडोल व कोडिन आधारित दवाओं सहित साइकोट्रोपिक पदार्थों की अवैध खपत पर रोकथाम, तथा भांग के वैध ठेकों पर हो रही अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में ड्रग डिटेक्शन किट की आवश्यकता का आकलन, फार्म-एफ/जब्ती रिपोर्ट एवं एमएमआर समय पर प्रस्तुत करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष बल दिया गया। अंतरराज्यीय मामलों की जांच प्रगति की निगरानी और मध्यप्रदेश सीमा पर नाकाबंदी बढ़ाकर ड्रग्स के अवैध परिवहन पर कड़ी निगरानी रखने पर भी जोर दिया गया।

शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी राजकीय एवं निजी विद्यालयों में नशा मुक्ति विषय पर लघु नाटक, वाद-विवाद प्रतियोगिता, मास्टर ट्रेनरों द्वारा कार्यशालाएं आयोजित कर विद्यार्थियों को जागरूक किया जाए। प्रत्येक गांव में जागरूकता समूह बनाकर समय-समय पर नशा विरोधी अभियान चलाने और एनडीपीएस अधिनियम 1985 की जानकारी प्रदान करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि फील्ड स्तर पर चिन्हित नशा पीड़ित व्यक्तियों की मनोचिकित्सकों से काउंसलिंग करवाई जाए। उन्होंने नशा मुक्ति से संबंधित किसी भी जानकारी या शिकायत के लिए मानस टोल फ्री नंबर 1933, नशे के विरुद्ध टेलीमानस हेल्पलाइन 14416 और जिला स्तरीय कंट्रोल रूम नंबर 07462-222999 पर संपर्क करने की जिलेवासियों से अपील की। जिला कलक्टर ने ड्रग फ्री कैम्पस संकल्प को गति देने के लिए सभी कार्यालयों, पुलिस कर्मियों और संबंधित विभागीय स्टाफ से ऑनलाइन लिंक https://pledge.mygov.in/fightagainstdrugabuse/ के माध्यम से शपथ लेकर प्रमाण-पत्र प्राप्त करने की अपील की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कुमार कस्वा, जिला शिक्षा अधिकारी हरकेश मीना, एसएचओं आबकारी सुरेश यादव, सहायक निदेशक सामाजिक न्याय विमलेश कुमार, मनोचिकित्सक डॉ. गौरव चन्द्रवंशी, अतिरिक्त ड्रग नियंत्रण अधिकारी चंद्र प्रकाश जाटव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!